लंदन 20 सितम्बर (भाषा) आयरलैंड में भारतीयों पर हुए हमलों की आयरिश नेतृत्व द्वारा निंदा किए जाने से समुदाय को आश्वासन और सांत्वना का संदेश मिला है।
भारतीय राजदूत अखिलेश मिश्रा ने आयरलैंड के विदेश और व्यापार मामलों की समिति के अध्यक्ष जॉन लाहार्ट टीडी के साथ बैठक में यह बात कही।
इससे पहले, पिछले महीने भारतीय दूतावास ने परामर्श जारी कर भारतीय नागरिकों से विभिन्न नस्ली हमलों के आलोक में ‘अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए उचित सावधानी बरतने’ का आग्रह किया था।
भारतीय दूतावास द्वारा शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में राजदूत मिश्रा ने कहा,‘‘ भारतीयों पर हमलों की घटनाओं की राष्ट्रपति हिगिंस, उप प्रधानमंत्री हैरिस, न्याय मंत्री और गार्डा आयुक्त द्वारा कड़ी एवं स्पष्ट निंदा किये जाने से आयरलैंड में भारतीय समुदाय के साथ-साथ भारत में उनके परिवारों के बीच आश्वासन का एक बहुत जरूरी संदेश गया है।’’
बृहस्पतिवार को मिश्रा के साथ एक भेंट के दौरान लाहार्ट ने आयरलैंड में भारतीय समुदाय के बारे में ‘स्नेहभरी बातें’ बात कीं। इन भारतीयों में उनके निर्वाचन क्षेत्र में रहने वाले भारतीय पेशेवर भी शामिल हैं।
मिश्रा ने भारतीय समुदाय और भारत-आयरलैंड संबंधों के प्रति उनके समर्थन के लिए लाहार्ट का आभार व्यक्त किया।
आयरलैंड इंडिया काउंसिल ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा चिंताओं के चलते पिछले महीने अपना वार्षिक ‘‘भारत दिवस’’ समारोह स्थगित कर दिया था। आयरलैंड के राष्ट्रपति माइकल डी. हिगिंस और अन्य नेताओं ने आयरलैंड में रह रहे भारतीय श्रमिकों और पेशेवरों पर हुए ‘नफरती हमलों’ की निंदा की थी।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
