(योषिता सिंह)
न्यूय़ॉर्क/वाशिंगटन, 13 सितंबर (भाषा) अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कई प्रमुख अमेरिकी सांसदों के साथ द्विपक्षीय व्यापार संबंधों पर चर्चा की। इस दौरान, उन्होंने बातचीत और कूटनीति के माध्यम से यूक्रेन संघर्ष के समाधान के प्रयासों के लिए नयी दिल्ली के समर्थन की पुन: पुष्टि भी की।
क्वात्रा ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रतिनिधि सभा (अमेरिकी संसद का निचला सदन) के सदस्य जेम्स मोयलान को भारत-अमेरिका के बीच व्यापार साझेदारी और ऊर्जा सहयोग में हाल के घटनाक्रमों पर जानकारी देने का अवसर मिला।
उन्होंने लिखा, “हमने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आपसी हितों के मुद्दों पर भी विचार साझा किए। बातचीत और कूटनीति के जरिये यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।”
क्वात्रा ने प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति की पूर्वी एशिया और प्रशांत उपसमिति की अध्यक्ष यंग किम के साथ भी चर्चा की।
उन्होंने बताया, “चीन के साथ भारत के संबंधों को लेकर सही दृष्टिकोण साझा किया। साथ ही, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में हमारे साझा प्राथमिकता वाले मुद्दों और क्षेत्र में साथ मिलकर काम करने के अवसरों पर भी बात की।”
क्वात्रा रूस से तेल निर्यात को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की ओर से भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ (शुल्क) के चलते दोनों देशों के रिश्तों में आए तनाव के बीच अमेरिकी सांसदों से लगातार मुलाकात कर रहे हैं।
भाषा पारुल माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
