वाशिंगटन, 19 अक्टूबर (भाषा) अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा है कि भारत की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) रणनीति अपने संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र में प्रौद्योगिकी के विकास, प्रसार और अपनाने को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में, राजदूत ने बताया कि उन्होंने विचारक संस्था ‘अटलांटिक काउंसिल’ द्वारा आयोजित ‘एआई स्प्रिंटर्स: एआई वर्क्स फॉर गवर्नमेंट्स’ विषय पर एक गोलमेज सम्मेलन में भाग लिया, जहां उन्होंने एआई के संदर्भ में भारत की रणनीतिक प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।
क्वात्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की एआई प्राथमिकताओं और लक्ष्यों को ‘भारत एआई मिशन’ के माध्यम से क्रियान्वित किया जा रहा है, जो अपने संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र और कार्यक्षेत्रों में प्रौद्योगिकी के ‘‘विकास, प्रसार और अपनाने’’ पर केंद्रित है।
उन्होंने प्रतिभागियों को ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के बारे में भी जानकारी दी, जो 19-20 फरवरी को नयी दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित इस शिखर सम्मेलन में राष्ट्राध्यक्षों, वैश्विक नेताओं, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों और नवप्रवर्तकों के भाग लेने की उम्मीद है।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
