scorecardresearch
Wednesday, 19 August, 2026
होमविदेशइमरान खान की आंखों की स्थिति 'लगभग सामान्य': जेल अधिकारी

इमरान खान की आंखों की स्थिति ‘लगभग सामान्य’: जेल अधिकारी

Text Size:

इस्लामाबाद, 17 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय को सोमवार को जेल अधिकारियों ने अवगत कराया कि जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंखों की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और उनकी दृष्टि ‘‘लगभग सामान्य’’ है।

यह घटनाक्रम शीर्ष अदालत द्वारा इस्लामाबाद के एक प्रमुख निजी चिकित्सा संस्थान ‘शिफा इंटरनेशनल’ में खान के इलाज के संबंध में याचिका पर सुनवाई करने से एक दिन पहले सामने आया है।

अगस्त 2023 से जेल में बंद पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक को जनवरी के अंत में आंख संबंधी परेशानी ‘राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लुजन’ का पता चलने के बाद कई बार इस्लामाबाद के पाकिस्तान आयुर्विज्ञान संस्थान (पीआईएमएस) ले जाया गया था।

रावलपिंडी की अदियाला जेल के अधिकारियों ने 73 वर्षीय नेता की आंखों की ताजा स्थिति के बारे में शीर्ष अदालत को एक रिपोर्ट सौंपी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि बीमारी का पता लगने के बाद से ही खान का समुचित इलाज किया गया और पाकिस्तान आयुर्विज्ञान संस्थान में अस्पताल के नेत्र विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मोहम्मद आरिफ खान और अल-शिफा ट्रस्ट आई हॉस्पिटल के विट्रेओ-रेटिनल सर्जन डॉ. नदीम कुरैशी द्वारा उनका इलाज किया गया।

रिपोर्ट में दावा किया गया, ‘‘इसके परिणामस्वरूप, उनकी आंख में महत्वपूर्ण सुधार देखा गया है और उनकी दृष्टि लगभग सामान्य हो गई है।’’

भाषा खारी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments