(अदिति खन्ना)
लंदन, दो अक्टूबर (भाषा) गोवा के मशहूर चित्रकार फ्रांसिस न्यूटन सूजा की कलाकृति ‘हाउसेज इन हैम्पस्टेड’ ने कला जगत में नीलामी का नया रिकार्ड कायम किया है। लंदन में सोथबी की नीलामी में यह कलाकृति 75 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक राशि में बिकी, जो इसकी निर्धारित कीमत से लगभग सात गुना अधिक है।
मंगलवार को आयोजित ‘आधुनिक एवं समकालीन दक्षिण एशियाई कला’ नीलामी में बॉम्बे प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट्स ग्रुप के संस्थापक सदस्य सूजा की एक अन्य कलाकृति ‘एंपरर’ भी निर्धारित कीमत से पांच गुना अधिक राशि यानी 69 लाख अमेरिकी डॉलर में बिकी।
इस हफ्ते नीलामी में शामिल सूजा की पांच कलाकृतियों की बिक्री कुल 1.46 करोड़ अमेरिकी डॉलर में हुई। नीलामी में वासुदेव गायतोंडे, एमएफ हुसैन, सैयद हैदर रजा, गणेश पाइन, जगदीश स्वामीनाथन और नारायण श्रीधर बेंद्रे जैसे कलाकारों की कलाकृतियों पर भी बोली आमंत्रित की गई। इस दौरान, विभिन्न कलाकृतियों की बिक्री से कुल 2.55 करोड़ अमेरिकी डॉलर की राशि हालिस हुई।
सोथबी में बिक्री मामलों की सह-वैश्विक प्रमुख मंजरी सिहारे-सुतिन ने कहा, “लंदन में आयोजित हमारी ‘आधुनिक एवं समकालीन दक्षिण एशियाई कला’ नीलामी हाल के वर्षों में इस श्रेणी में सबसे अधिक मूल्य वाली नीलामी में से एक है – और इसमें विभाग के 30 साल के इतिहास में सबसे अधिक राशि अर्जित की गई, जिसने मार्च में स्थापित पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया।”
उन्होंने कहा, “यह देखना रोमांचक था कि नीलामी में सात नये विश्व रिकॉर्ड बने, जिनमें फ्रांसिस न्यूटन सूजा के नाम दर्ज दो रिकॉर्ड शामिल हैं।”
कार्यक्रम में हुसैन की ‘चित्तौड़ फोर्ट’ निर्धारित मूल्य से लगभग तीन गुना ज्यादा यानी 13 लाख अमेरिकी डॉलर में नीलाम हुई। वहीं, नीलामी में शामिल गायतोंडे की पहली पेंटिंग 6,46,901 अमेरिकी डॉलर में बिकी, जबकि गणेश पाइन की ‘द ड्रीम कन्वर्सेशन’ सबसे ज्यादा 8,51,186 अमेरिकी डॉलर में नीलाम होने वाली उनकी कलाकृति बनी।
भाषा पारुल मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
