scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमविदेशआईएसआई का पूर्व प्रमुख हमीद पाकिस्तान के ‘एसेट’ थे, जिसे ‘बर्बाद’ कर दिया गया : इमरान खान

आईएसआई का पूर्व प्रमुख हमीद पाकिस्तान के ‘एसेट’ थे, जिसे ‘बर्बाद’ कर दिया गया : इमरान खान

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 15 अगस्त (भाषा) जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ‘इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस’ (आईएसआई) के पूर्व प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) फैज हमीद देश के लिए ‘एसेट’ थे, जिन्हें ‘बर्बाद’ कर दिया गया।

हमीद को आईएसआई के महानिदेशक के रूप में कार्य करते हुए अपने पद का कथित रूप से दुरुपयोग करने के लिए सेना के कानूनों के तहत कोर्ट मार्शल की कार्रवाई का सामना करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।

खान ने यह भी कहा कि गिरफ्तारी सेना का आंतरिक मामला है।

उन्होंने एक मामले की सुनवाई के बाद रावलपिंडी की अदियाला जेल में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।

खान ने कहा, “यह उनका आंतरिक मामला है, मैं इसमें क्या कह सकता हूं?”

खान ने हालांकि देश के पूर्व शीर्ष अधिकारी के लिए अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा, “वह (हमीद) हमारे ‘एसेट’ थे, जिन्हें बर्बाद कर दिया गया।”

वर्ष 2019 से 2021 तक आईएसआई की कमान संभालने वाले हमीद को तत्कालीन प्रधानमंत्री खान का करीबी माना जाता है।

जब हमीद का सेना प्रमुख के रूप में तबादला किया गया तो खान ने इस कदम का समर्थन करने से इनकार कर दिया, जिससे सेना और आईएसआई के बीच टकराव हुआ और परिणामस्वरूप उन्हें पद से हटा दिया गया।

खान ने दावा किया कि पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) कमर जावेद बाजवा ने नवाज शरीफ और शहबाज शरीफ के कहने पर हमीद को हटाया था। खान ने यह भी कहा कि हमीद को हटाने को लेकर जनरल बाजवा के साथ उनकी तीखी बहस हुई थी।

पूर्व प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि खुफिया ब्यूरो से ऐसी खबरें मिली हैं कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के पंजाब विधानसभा अध्यक्ष मलिक अहमद खान को कई बार बाजवा के साथ बैठे हुए पाया गया है।

उन्होंने कहा कि अगर हमीद को जवाबदेह ठहराया जा रहा है तो सभी को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments