काठमांडू, 12 अगस्त (भाषा) भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को अपने नेपाली समकक्ष सेवा लमसल और हिमालयी राष्ट्र के उप प्रधानमंत्री समेत अन्य वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं से मुलाकात की और उनके साथ द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास और इसे आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
मिस्री की दो दिवसीय यात्रा पिछले महीने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद नेपाल में किसी भारतीय विदेश सचिव की पहली यात्रा है।
नेपाल में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने अपने समकक्ष सेवा लमसल से मुलाकात की। दोनों ने भारत-नेपाल सहयोग के निरंतर विकास और इसे आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।’’
मिस्री ने सिंह दरबार में उप प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री पौडेल से भी उनके कार्यालय में मुलाकात की।
‘द हिमालयन टाइम्स अखबार’ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘उन्होंने आर्थिक और विकास सहयोग,चल रही परियोजनाओं के निर्माण में तेजी लाने और दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।’’
‘द काठमांडू पोस्ट’ अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, मिस्री ने उप प्रधानमंत्री सिंह से मुलाकात की, जिनके पास शहरी विकास मंत्रालय भी है, और नेपाल-भारत सीमा पर सीमा पार आंदोलन से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
सिंह के सचिवालय के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि नेपाल और भारत के बीच सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर भी चर्चा की गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मिस्री ने नेपाल की शांति, स्थिरता और समृद्धि को लगातार समर्थन देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सिंह ने नेपाल में बुनियादी ढांचे के विकास, भूकंप के बाद पुनर्निर्माण और कोविड में सहायता के लिए भारत को धन्यवाद दिया।
मिस्री ने विदेश मंत्री डॉ. देउबा से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
नेपाल में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नेपाल के माननीय विदेश मंत्री डॉ. आरज़ू राणा देउबा से मुलाकात की। आपसी हित के द्विपक्षीय मामलों और सभी क्षेत्रों में भारत-नेपाल द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।’’
भाषा संतोष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
