scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमविदेशपाकिस्तान समेत आठ मुस्लिम देशों ने गाजा में यूनएनआरडब्ल्यूए की भूमिका को 'अपरिहार्य' बताया

पाकिस्तान समेत आठ मुस्लिम देशों ने गाजा में यूनएनआरडब्ल्यूए की भूमिका को ‘अपरिहार्य’ बताया

Text Size:

इस्लामाबाद, 13 दिसंबर (भाषा) पाकिस्तान सहित आठ प्रमुख मुस्लिम देशों ने फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की राहत एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) के प्रति मजबूत समर्थन व्यक्त करते हुए कहा है कि गाजा में अप्रत्याशित मानवीय संकट के बीच इसकी भूमिका ‘‘अपरिहार्य’’ है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय द्वारा शुक्रवार को जारी एक संयुक्त बयान में, पाकिस्तान, मिस्र, इंडोनेशिया, जॉर्डन, कतर, सऊदी अरब, तुर्किये और संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रियों ने ‘‘फलस्तीनी शरणार्थियों के अधिकारों और कल्याण की रक्षा के लिए यूएनआरडब्ल्यूए की अपरिहार्य भूमिका’’ की पुष्टि की।

उन्होंने कहा कि यूएनआरडब्ल्यूए, अंतरराष्ट्रीय समुदाय द्वारा दी गई जिम्मेदारी को दशकों से निभाता रहा है, जिसके तहत वह लाखों फलस्तीनी शरणार्थियों को सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, सामाजिक सेवाएं और आपातकालीन सहायता प्रदान करता है।

बयान में कहा गया है, ‘‘गाजा पट्टी में अप्रत्याशित मानवीय संकट के मद्देनजर मंत्रियों ने वितरण केंद्रों के अपने नेटवर्क के माध्यम से मानवीय सहायता पहुंचाने में यूएनआरडब्ल्यूए द्वारा निभाई जाने वाली आवश्यक भूमिका पर जोर दिया है…।’’

बयान में सचेत किया गया है कि एजेंसी की क्षमता को किसी भी तरह से कमजोर किए जाने के पूरे क्षेत्र में गंभीर मानवीय, सामाजिक और राजनीतिक परिणाम होंगे।

भाषा सिम्मी सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments