scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमविदेशहिंदू कुश देशों में कुल ऊर्जा आपूर्ति में स्वच्छ ऊर्जा का योगदान महज छह प्रतिशत : रिपोर्ट

हिंदू कुश देशों में कुल ऊर्जा आपूर्ति में स्वच्छ ऊर्जा का योगदान महज छह प्रतिशत : रिपोर्ट

Text Size:

काठमांडू, पांच सितंबर (भाषा) एक नए अध्ययन में यह सामने आया है कि ‘अपार नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता’ होने के बावजूद हिंदू कुश हिमालय के देशों में कुल प्राथमिक ऊर्जा आपूर्ति में स्वच्छ ऊर्जा का योगदान केवल छह प्रतिशत है और जलविद्युत का ‘बहुत कम दोहन’ हो रहा है।

बैंकॉक में एशिया-प्रशांत स्वच्छ ऊर्जा सप्ताह के दौरान आठ देशों की क्षेत्रीय संस्था ‘इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट’ (आईसीआईएमओडी) ने शुक्रवार को एक नई मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की ।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अफगानिस्तान, भूटान, बांग्लादेश, चीन, भारत, म्यांमा, नेपाल, पाकिस्तान में कुल 882 गीगावाट की जल विद्युत क्षमता है, जिसमें से अधिकांश क्षमता (635 गीगावाट) हिंदू कुश हिमालय क्षेत्र की सीमा पार नदियों के जल से है।

रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘इस क्षमता का केवल 49 प्रतिशत ही अभी तक उपयोग में लाया जा सका है।’’

रिपोर्ट में कहा गया है कि हिंदू कुश हिमालय क्षेत्र में गैर-जलविद्युत स्वच्छ ऊर्जा क्षमता (सौर और पवन) तीन टेरावॉट है।

रिपोर्ट के अनुसार, भूटान और नेपाल जहां अपनी 100 प्रतिशत बिजली नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से उत्पन्न करते हैं, वहीं अन्य हिंदू कुश हिमालयी देशों में बिजली उत्पादन में भारी मात्रा में जीवाश्म ईंधनों का उपयोग होता है। रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश में यह आंकड़ा 98 प्रतिशत, भारत में 77 प्रतिशत, पाकिस्तान में 76 प्रतिशत, चीन में 67 प्रतिशत और म्यांमा में 51 प्रतिशत है।

अध्ययन में चेतावनी दी गई है कि जलवायु परिवर्तन ऊर्जा क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है, विशेष रूप से जल विद्युत उत्पादन को।

भाषा मनीषा शोभना दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments