बीजिंग, 31 जुलाई (भाषा) ईरान के तेहरान में हमास नेता इस्माइल हनियेह की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए चीन ने बुधवार को चेतावनी दी कि इस घटना से क्षेत्र में संकट और अधिक बढ़ सकता है।
चीन ने पिछले सप्ताह विभिन्न फलस्तीनी समूहों के बीच एकता समझौते में मध्यस्थता की थी।
ईरान के अर्धसैनिक बल ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ ने बुधवार को कहा कि तेहरान में हमास नेता इस्माइल हनियेह की हत्या कर दी गई है। हनियेह मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए तेहरान में था।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने यहां प्रेस वार्ता में कहा कि बीजिंग हनियेह की हत्या का कड़ा विरोध करता है।
लिन ने कहा, ‘‘चीन ने हमेशा बातचीत और संवाद के माध्यम से क्षेत्रीय विवादों को सुलझाने की वकालत की है।’’
उन्होंने कहा कि चीन इस बात को लेकर ‘‘गहरी चिंता’’ में है कि इस घटना से क्षेत्र में और अधिक अशांति पैदा हो सकती है।
उन्होंने संघर्ष को और अधिक बढ़ने से रोकने के लिए गाजा में व्यापक और स्थायी युद्धविराम के लिए चीन के आह्वान को भी दोहराया।
भाषा देवेंद्र रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
