scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमविदेशब्रिटिश भारतीय महिला चिकित्सकों ने कोलकाता कांड के खिलाफ प्रदर्शनों के साथ एकजुटता दिखाई

ब्रिटिश भारतीय महिला चिकित्सकों ने कोलकाता कांड के खिलाफ प्रदर्शनों के साथ एकजुटता दिखाई

Text Size:

लंदन, 14 अगस्त (भाषा) ब्रिटेन में भारतीय मूल की महिला चिकित्सकों ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु से कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर भारत में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के साथ एकजुटता व्यक्त की।

भारतीय मूल की इन डॉक्टरों, जिनमें से कई ने भारत में प्रशिक्षण लिया है, ने कोलकाता में युवती से कथित बलात्कार और हत्या के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

शुक्रवार को कोलकाता के राजकीय आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के वक्ष विभाग के सेमिनार हॉल में परास्नातक प्रशिक्षु डॉक्टर का शव मिला, जिस पर गंभीर चोट के निशान थे। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया था, जिसके बाद राज्य और अन्य जगहों पर मेडिकल और गैर-मेडिकल बिरादरी ने व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ब्राइटन स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) की जेरियाट्रिशियन डॉ. दीप्ति जैन ने कहा कि पिछले सप्ताह की घटना के बाद से वह भयभीत हैं और चिकित्सा बिरादरी से उन्हें लगातार संदेश मिल रहे हैं। उन्होंने कोलकाता के एक अस्पताल में मेडिकल स्नातक के रूप में पढ़ाई की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन जगहों पर 30 साल पहले निडरता से काम किया है जब डॉक्टरों की सफेद पोशाक ‘लक्ष्मण रेखा’ की तरह होती थी और सब हमें ‘डाक्टर दीदी’ बोलते थे। इतनी तेजी से माहौल कैसे बदल गया कि महिलाओं और बच्चों के लिए अब कोई जगह सुरक्षित नहीं है।’’

भाषा वैभव माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments