scorecardresearch
बुधवार, 7 मई, 2025
होमविदेश‘लिटिल इंडिया’ पर किताब सिंगापुर में भारतीय समुदाय की गतिविधियों का दस्तावेजीकरण

‘लिटिल इंडिया’ पर किताब सिंगापुर में भारतीय समुदाय की गतिविधियों का दस्तावेजीकरण

Text Size:

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, 27 अप्रैल (भाषा) सिंगापुर के ‘लिटिल इंडिया’ के इतिहास को एक किताब में समेटा गया है। इस जगह का इतिहास 1822 से शुरू होता है, जब यहां बसने वाले प्रारंभिक भारतीय समुदाय के सदस्यों ने सांस्कृतिक और वाणिज्यिक गतिविधियों की शुरुआत की थी।

लेखिका सौंदरा नायकी वैरावन ने रविवार को कहा, ‘‘यह किताब 1822 में लिटिल इंडिया परिसर के मुख्य मार्ग सेरांगून रोड की स्थापना से लेकर आज तक का विवरण प्रस्तुत करती है कि किस प्रकार यह भारतीय मूल के लोगों के लिए वाणिज्यिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में कार्य करता है।’’

भारत के उच्चायुक्त शिल्पक अम्बुले और सिंगापुर के पूर्व विदेश मंत्री जॉर्ज यो ने 187 पन्नों की कॉफी टेबल पुस्तक ‘लिटिल इंडिया एंड द सिंगापुर इंडियन कम्युनिटी: थ्रू द एजेस’ का शुक्रवार को संयुक्त रूप से विमोचन किया।

सौंदरा ने बताया कि इसमें सेरांगून रोड के सामाजिक परिवर्तन, दुकानें, प्रारंभिक सामाजिक जीवन, परिसर में आयोजित होने वाले त्योहार, पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र, महत्वपूर्ण जगहें और व्यापार करने में आने वाली चुनौतियों का विवरण दिया गया है।

उन्होंने पर्यटकों और यहां आने वाले नियमित आगंतुकों के बारे में कहा, ‘‘लिटिल इंडिया सिंगापुर में रहने वाली सभी मूल के लोगों के लिए खास स्थान है, जिसकी तुलना कुछ प्रमुख वैश्विक शहरों के ‘चाइनाटाउन’ से की जा सकती है।

सिंगापुर में भारतीयों से संबंधित आठ किताबें लिख चुकीं सौंदरा वैरावन ने कहा कि यह पुस्तक इस वर्ष सिंगापुर की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ के उत्सव में उनका योगदान है।

यो ने विमोचन के अवसर पर कहा, ‘‘सौंदरा द्वारा लिटिल इंडिया पर लिखी गई इस किताब में उन पहलुओं का वर्णन किया गया है, जिनसे लिटिल इंडिया का निर्माण हुआ, यह वर्तमान के बारे में बात करती है और भविष्य की नींव भी रखती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सिंगापुर बहुत समृद्ध और विविधतापूर्ण देश है। सिंगापुर में दुनिया के कई हिस्सों का गहरा प्रतिबिंब है। इस किताब में कई विवरण हैं, जिनमें लिटिल इंडिया भी शामिल है।’’

भाषा आशीष रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments