लॉस एंजिलिस, 19 अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी बैंड ‘लिम्प बिजकिट’ के बास वादक और संस्थापक सदस्य सैम रिवर्स का 48 वर्ष की आयु में निधन हो गया। यह जानकारी बैंड के सदस्यों ने दी।
बैंड ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट के जरिए रिवर्स के निधन की घोषणा की, जिसमें वह मंच पर प्रस्तुति देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, ‘‘आज हमने अपने भाई को खो दिया। हमारे बैंड के साथी को, हमारी धड़कन को। सैम रिवर्स सिर्फ हमारे बास वादक ही नहीं थे, वह एक मनमोहक कलाकार थे।’’
रिवर्स के निधन के कारण का उल्लेख नहीं किया गया है।
ग्रैमी-नामांकित इस बैंड की स्थापना 1994 में फ्लोरिडा में हुई थी, जिसे इसके प्रमुख गायक फ्रेड डर्स्ट ने गठित किया था।
रिवर्स ने 2015 में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण बैंड छोड़ दिया था, लेकिन 2018 में लिवर प्रत्यारोपण के बाद वह बैंड में वापस आ गए।
भाषा तान्या शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
