रायपुर, 12 मार्च (भाषा) लेंडल सिमंस के शतक और रवि रामपॉल के पांच विकेट की बदौलत वेस्टइंडीज मास्टर्स ने यहां दक्षिण अफ्रीका मास्टर्स को 29 रन से हराकर इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (आईएमएल) क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
वेस्टइंडीज की टीम ने मंगलवार की रात को खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने पर सिमंस के 108 रन, कप्तान ब्रायन लारा के 34 गेंदों पर 29 रन और चैडविक वाल्टन के नाबाद 38 रन की मदद से पांच पर 200 रन बनाए।
इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम आठ विकेट पर 171 रन ही बना पाई। उसकी तरफ से जॉक कैलिस ने 45, रिचर्ड लेवी ने 44 और जैक्स रूडोल्फ ने 39 रन का योगदान दिया। वेस्टइंडीज की तरफ से रामपॉल ने 26 रन देकर पांच विकेट लिए।
वेस्टइंडीज की पारी का आकर्षण सिमंस का शतक रहा जिसके लिए उन्होंने 59 गेंद खेली तथा 13 चौके और पांच छक्के लगाए। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से गार्नेट क्रूगर और मखाया एंटिनी ने दो-दो विकेट लिए।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
