scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमखेलअच्छा प्रदर्शन करके आत्मविश्वास हासिल करना चाहता हूं: मुसेटी

अच्छा प्रदर्शन करके आत्मविश्वास हासिल करना चाहता हूं: मुसेटी

Text Size:

पुणे, 30 जनवरी (भाषा) इटली के उभरते हुए खिलाड़ी लोरेंजो मुसेटी ने कहा कि वह सोमवार से शुरू हो रहे टाटा ओपन महाराष्ट्र टेनिस टूर्नामेंट में पदार्पण करते हुए छाप छोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्नीस साल के दूसरे वरीय खिलाड़ी मुसेटी बालेवाड़ी स्टेडियम में होने वाले दक्षिण एशिया के एकमात्र एटीपी 250 टूर्नामेंट के चौथे सत्र में पुरुष एकल में खिताब के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।

मुसेटी ने रविवार को आनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मैं यहां मैच जीतने के लिये आया हूं। मैं जितना अधिक संभव हो उतना आगे जाना चाहता हूं और वह आत्मविश्वास हासिल करना चाहता हूं जिसके साथ मैं खेलता रहा हूं।’’

मुसेटी को दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी अस्लान करात्सेव और गत चैंपियन जिरी वेस्ली जैसे खिलाड़ियों से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।

मुसेटी को सत्र के पहले एडीलेड एक टूर्नामेंट और आस्ट्रेलियाई ओपन के पहले दौर में शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने दो शानदार प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ दो अच्छे मुकाबले खेले। उन्होंने दिखाया कि वे सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेल रहे थे और दोनों मुकाबले करीबी थे।’’

रोजर फेडरर के प्रशंसक मुसेटी दुनिया के कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जो एक हाथ से शानदार बैकहैंड खेलते हैं और उन्होंने कहा कि वह स्वाभाविक रूप से ऐसा कर पाते हैं।

मुसेटी ने 2021 में प्रभावी प्रदर्शन किया जहां वह शीर्ष 100 में जगह बनाने के अलावा ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में पदार्पण करने में सफल रहे। फ्रेंच ओपन में उन्होंने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच के खिलाफ दो सेट की बढ़त बना ली थी लेकिन बाद में उन्हें पांचवें सेट में मुकाबले से हटना पड़ा। उन्होंने इस मुकाबले को अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ मुकाबला करार दिया था।

भारतीय खिलाड़ियों में युकी भांबरी और प्रजनेश गुणेश्वरन सोमवार को अपने अभियान की शुरुआत क्रमश: स्लोवाकिया के जोजेफ कोवालिक और जर्मनी के पांचवें वरीय डेनियल अल्टामेयर के खिलाफ करेंगे।

दिल्ली में जन्में युकी को मुख्य ड्रॉ में सीधे प्रवेश मिला है जबकि एशियाई खेलों के पदक विजेता प्रजनेश ने वाइल्ड कार्ड के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई।

देश के शीर्ष एकल खिलाड़ी रामकुमार रामनाथन और स्थानीय खिलाड़ी अर्जुन काधे को भी मुख्य ड्रॉ में सीधे प्रवेश मिला ऊै।

पिछले साल सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले लिथुआनिया के शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी रिकार्डस बेरांकिस भी सोमवार को होने वाले सात एकल मुकाबलों में से एक में फ्रांस के हेलिस क्वेंटिन से भिड़ेंगे।

रविवार को क्वालीफाइंग मुकाबलों में भारत के शशिकुमार मुकुंद और मनीष सुरेश कुमार को पहले दौर में ही शिकस्त का सामना करना पड़ा।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments