scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमखेलवीके इलाक्कियादासन और एसएस स्नेहा ने राष्ट्रीय खेलों में 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता

वीके इलाक्कियादासन और एसएस स्नेहा ने राष्ट्रीय खेलों में 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता

Text Size:

पणजी, 29 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के वीके इलाक्कियादासन और कर्नाटक की एसएस स्नेहा को रविवार को यहां 37वें राष्ट्रीय खेलों में 100 मीटर दौड़ स्पर्धा के क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किये।

  इलाक्कियादासन ने 10.36 सेकेंड के समय के साथ महाराष्ट्र के प्रणव गुरव (10.41 सेकेंड) को पछाड़ा। सेना के सौरभ राजेश ने 10.45 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

स्नेहा (11.45 सेकेंड) ओडिशा की अनुभवी सरबनी नंदा को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल रही।  तमिलनाडु की आर गिरिधरानी ने 11.58 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

इस बीच महाराष्ट्र मौजूदा खेलों में 100 पदक का आंकड़ा पार करने वाला पहला दल बन गया।

इस आयोजन के दौरान तैराकी स्पर्धा के पहले दिन पांच नये रिकॉर्ड बने और कर्नाटक के श्रीहरि नटराज ने दो स्वर्ण पदक जीते।

ओलंपियन श्रीहरि ने रविवार को 200 मीटर फ्रीस्टाइल में 1:49.09 सेकेंड के समय के साथ इन खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने केरल के साजन प्रकाश (1:51.10) और अपने राज्य के अनीश गौड़ा (1:52.18) को पीछे छोड़ा।

श्रीहरि ने इसके बाद कर्नाटक टीम के साथ चार गुणा 100 रिले में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता, जिसमें गौड़ा, संभव आर और पृथ्वी एम भी शामिल थे। टीम ने 3:26.88 सेकेंड का समय निकाला। तमिलनाडु (3:28.46) और महाराष्ट्र (3:28.72) ने क्रमशः रजत और कांस्य जीता।

प्रकाश ने हालांकि पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई में इन खेलों के नये रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता और कर्नाटक के दबदबे को चुनौती दी।  गुजरात में पिछले राष्ट्रीय खेलों में पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य जीतने वाले प्रकाश ने 53.79 सेकेंड का समय निकाला। वह महाराष्ट्र के मिहिर आंब्रे (54.32 सेकेंड) और तमिलनाडु के बी बेनेडिक्टॉन रोहित (55.00) से आगे रहे।

महिला वर्ग में, कर्नाटक की नीना वेंकटेश ने भी 100 मीटर बटरफ्लाई में 1:02.22 सेकेंड का समय लेकर इन खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। असम की आस्था चौधरी ने 1:04.21 के समय के साथ रजत पदक और ओडिशा की सृष्टि उपाध्याय (1:04.24 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments