नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) युवा खिलाड़ी वैष्णवी अडकर को छह अप्रैल से यहां होने वाले बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) एशिया ओशिनिया ग्रुप एक टेनिस टूर्नामेंट के लिए मंगलवार को भारतीय टीम में शामिल किया गया।
वैष्णवी ने हाल ही में बेंगलुरु में तब अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की थी जब वह किसी डब्ल्यू100 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाने वाली सानिया मिर्जा के बाद दूसरी महिला खिलाड़ी बनी थी।
इस 21 वर्षीय खिलाड़ी ने 2024 में अहमदाबाद में डब्ल्यू15 का खिताब भी जीता था, जिससे उनकी लगातार प्रगति का पता चलता है।
भारतीय टीम में वैष्णवी के अलावा रुतुजा भोसले, अंकिता रैना, सहजा यमलापल्ली और श्रीवल्ली भामिदिपति शामिल हैं। वैदेही चौधरी को रिजर्व नामित किया गया है।
अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘इस प्रतियोगिता से एक सप्ताह पहले कोचिंग शिविर आयोजित किया जाएगा। विशाल उप्पल भारतीय टीम के कप्तान और राधिका कानिटकर कोच होंगी।’’
पिछले साल नवंबर में बेंगलुरु में बिली जीन किंग कप प्लेऑफ में भारत को नीदरलैंड और स्लोवेनिया ने हराया था, जिसके कारण वह एशिया ओशिनिया ग्रुप एक में खिसक गया था।
भाषा
पंत मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
