scorecardresearch
Sunday, 1 February, 2026
होमखेलउत्तराखंड ने असम को हराकर बोनस अंक हासिल किया, बंगाल के साथ क्वार्टर फाइनल में

उत्तराखंड ने असम को हराकर बोनस अंक हासिल किया, बंगाल के साथ क्वार्टर फाइनल में

Text Size:

देहरादून, एक फरवरी (भाषा) उत्तराखंड ने रविवार को यहां अपने आखिरी लीग मैच में असम को पारी और 42 रन से हराकर बोनस अंक हासिल किया और ग्रुप सी से बंगाल के साथ रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहा।

बंगाल (36 अंक) पहले ही नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर चुका था और शनिवार को रोहतक में तीन दिन के अंदर उसने हरियाणा पर 188 रन से शानदार जीत हासिल की। बंगाल की टीम ग्रुप चरण में अजेय रही।

उत्तराखंड 29 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा। उसने चार जीत दर्ज की लेकिन दो मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा।

उत्तराखंड ने असम को फॉलोऑन देने के बाद मयंक मिश्रा (86 रन पर छह विकेट) और जगदीश सुचित (91 रन पर तीन विकेट) की बाएं हाथ की स्पिन जोड़ी के नौ विकेट की बदौलत विरोधी टीम को दूसरी पारी में 278 रन पर आउट कर दिया।

दिन की शुरुआत छह विकेट पर 224 रन से करते हुए असम की टीम आखिरी दिन 13 ओवर से भी कम समय तक टिक पाई और उत्तराखंड ने बिना किसी परेशानी के जीत की औपचारिकता पूरी की।

पैंतीस साल के मिश्रा ने 39 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में नौवीं बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिए।

कप्तान कुणाल चंदेला के दोहरे शतक से उत्तराखंड ने पहली पारी सात विकेट पर 460 रन बनाकर घोषित की थी। इसके जवाब में असम की टीम पहली पारी में 140 रन पर सिमट गई थी।

अगरतला में त्रिपुरा ने गुजरात को चार विकेट से हराया जबकि दिल्ली में सेना को रेलवे के खिलाफ तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments