scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमखेलचक्रवर्ती को ऑफ स्पिनर की तरह खेलकर उनकी फिरकी से निपट रहे हैं शीर्ष विदेशी बल्लेबाज

चक्रवर्ती को ऑफ स्पिनर की तरह खेलकर उनकी फिरकी से निपट रहे हैं शीर्ष विदेशी बल्लेबाज

Text Size:

(कुशान सरकार)

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) क्या कोई रहस्यमयी स्पिनर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक क्रिकेट खेलने के बावजूद अपनी गेंदबाजी का रहस्य बरकरार रख सकता है? यह बहस का मुद्दा है लेकिन यह साफ है कि बड़े बल्लेबाज अब भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की गेंदों को सिर्फ हाथ से ही नहीं पढ़ रहे हैं बल्कि कोच ने भी उनसे निपटने के तरीके ढूंढ लिए हैं।

आईपीएल और भारत के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला नहीं खेलने वाली पाकिस्तान की टीम को छोड़ दें तो न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों ने तमिलनाडु के इस खिलाड़ी के खिलाफ बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।

इस स्पिनर के खिलाफ पिछले पांच मैच में 20 ओवर में 208 रन बने हैं जिसमें रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुआ टी20 विश्व कप का सुपर आठ मैच भी शामिल है।

चक्रवर्ती ने नौ विकेट चटकाए हैं लेकिन 10.40 का उनका इकोनॉमी रेट उनके करियर के 7.11 के इकोनॉकी रेट से कहीं अधिक है।

तो फिन एलेन, ग्लेन फिलिप्स, डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर जैसे खिलाड़ी असल में क्या सही कर रहे हैं?

भारत के कई युवा स्टार बल्लेबाजों के साथ काम कर चुके मुंबई के पूर्व बल्लेबाज जुबिन भरूचा ने पीटीआई को बताया, ‘‘किसी भी गेंदबाज के लिए आप सबसे पहले उसके मजबूत पक्ष को नाकाम करते हैं। अगर यह गुगली है तो आप गुगली के लिए खेलते हैं या उसका अंदाजा लगाते हैं और वहीं से सामंजस्य बैठाते हैं। राशिद खान के साथ भी ऐसा ही हुआ है। अब हर कोई उसे (राशिद) या वरुण को खेलने में बेहतर है क्योंकि वे गुगली के लिए खेल रहे हैं, वह गेंद जिस पर अधिकर बल्लेबाज आउट होते हैं।’’

एसोसिएट देशों के लिए चक्रवर्ती को समझना मुश्किल रहा है लेकिन आईपीएल में खेलने वाले शीर्ष खिलाड़ी अब उन्हें एक ऑफ स्पिनर की तरह खेलते हैं जो गेंद को दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए अंदर की तरफ लाता है।

भरूचा ने कहा, ‘‘एसोसिएट देश उसका सामना नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उन्होंने पहले उसका सामना नहीं किया है। अधिकतर शीर्ष टीम उसे एक ऑफ स्पिनर की तरह खेलेंगी जो गेंद को दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए अंदर की तरफ लाता है।’’

भरूचा का मानना है कि अगर विकेट सपाट होगा तो पाकिस्तान के उस्मान तारिक को भी इसी तरह संघर्ष करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘उस्मान तारिक के लिए भी यही होगा। उन्हें (रहस्यमयी स्पिनरों को) अपनी सभी अलग-अलग विविधता को धारदार बनाने के लिए पिच से थोड़ी मदद की जरूरत होती है। वरुण, तारिक, और राशिद शीर्ष स्तरीय गेंदबाज हैं और बल्लेबाजों को उनके खिलाफ परेशानी होगी लेकिन अगर सतह बिल्कुल सपाट है तो वे कुछ रन भी बना सकते हैं।’’

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments