… कुशान सरकार…
चेन्नई, छह अक्टूबर (भाषा) राहुल द्रविड़ का मानना है कि उन्होंने खिलाड़ियों को विश्व कप के लिए तैयार कर के कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारी को लगभग पूरा कर लिया है और वह अब पर्दे की पीछे रहकर कप्तान रोहित शर्मा की टीम को अपनी खूबसूरत कहानी गढने का मौका देना चाहते हैं। द्रविड़ ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘ ईमानदारी से कहूं तो मैच शुरू होने के बाद, यह कप्तान की टीम होती है। टीम को आगे ले जाने की जिम्मेदारी कप्तान की होती है। मैदान पर कप्तान ही योजनाओं को लागू करता है।’’ भारतीय कोच ने कहा, ‘‘ एक कोच के तौर पर मेरा कम विश्व कप की तैयारियों से लेकर टीम का निर्माण करने का था । अब खिलाड़ियों को अपने खेल का लुत्फ उठाने के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ आप एक कोच के तौर पर मैच शुरू होने से पहले तक ही कुछ कर सकते है लेकिन जब खिलाड़ी मैदान में चले जाये तो चीजें उनके हाथों में ही होती है। कोच के तौर पर आप टीम के लिए एक रन भी नहीं जोड़ सकते है ना ही कोई विकेट ले सकते है। हम अब खिलाड़ियों का पूर्ण समर्थन कर सकते है।’’ द्रविड़ से जब पूछा गया कि इस विश्व कप में टीम को मैच जीतने के लिए कितना स्कोर करना जीत के लिए काफी होगा। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘‘ प्रतिद्वंद्वी टीम से सिर्फ एक रन अधिक। मुझे लगता है कि यह सही होगा। देखिए, इस बारे में भविष्यवाणी करना कठिन है। यह परिस्थितियों और विरोधी टीमों पर निर्भर करेगा। यही इस विश्व कप की खूबसूरती होगी।’’ भाषा आनन्द आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
