scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमखेलश्रीकांत से बहुत उम्मीद है, उनका सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है: कश्यप

श्रीकांत से बहुत उम्मीद है, उनका सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है: कश्यप

Text Size:

चेन्नई, सात अप्रैल (भाषा) कोच पारुपल्ली कश्यप को लगता है कि किदांबी श्रीकांत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आना अभी बाकी है और उन्हें उम्मीद है कि अपनी फिटनेस और खेल पर काम करने के बाद वह इस सत्र में कुछ अच्छे नतीजे हासिल करेंगे।

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत पिछले कुछ समय से फॉर्म से जूझ रहे हैं। इस 31 साल के खिलाड़ी ने 2017 में चार सुपर सीरीज खिताब जीते थे।

विश्व चैम्पियनशिप 2021 में रजत पदक जीतने वाले श्रीकांत ने मार्च में स्विस ओपन सुपर 300 में सेमीफाइनल में पहुंचकर वापसी के संकेत दिये।

इंग्लिश फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाईटेड द्वारा आयोजित ‘रोड टू ओल्ड ट्रैफर्ड फुटबॉल’ कार्यक्रम के मौके पर कश्यप ने पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी आना बाकी है और आप उससे इस साल और अगले साल अच्छे नतीजों की उम्मीद कर सकते हैं। ’’

श्रीकांत को कोचिंग दे रहे कश्यप ने कहा, ‘‘वह फिटनेस में जूझ रहा था। उसने कोशिश की होगी लेकिन इंडोनेशिया से जिस कोच को उसने नियुक्त किया था, यह कदम कारगर नहीं रहा। वह मैच के दौरान तेजी के साथ नहीं खेल सका। वह काफी आसानी से मैच हार गया और यहां तक कि कुछ में तो चुनौती भी पेश नहीं कर सका। ’’

राष्ट्रमंडल खेल 2018 के स्वर्ण पदक विजेता श्रीकांत लगातार खराब प्रदर्शन के कारण विश्व रैंकिंग में 27वें स्थान पर खिसकने के बाद पेरिस ओलंपिक क्वालीफिकेशन से चूक गये।

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments