scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमखेलटी20 विश्व कप के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों में 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी: आईसीसी

टी20 विश्व कप के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों में 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी: आईसीसी

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को बताया कि 2026 टी20 विश्व कप के पहले छह मैच के बाद पिछले चरण की तुलना में उनके डिजिटल मंच पर वीडियो व्यूज में 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

बयान में विश्व संस्था ने कहा कि उनके डिजिटल प्लेटफॉर्म को कुल 647 मिलियन (64.7 करोड़) वीडियो व्यूज मिले।

दर्शकों की इस भारी बढ़ोतरी में नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात और अमेरिका जैसे देशों का बड़ा योगदान रहा जिनकी राष्ट्रीय टीमें टूर्नामेंट में खेल रही हैं।

आईसीसी ने कहा, ‘‘आईसीसी ऐप में 2024 के बाद यूजर्स की संख्या में 83 प्रतिशत की वृद्धि देखी है जबकि इसी दौरान आईसीसी वेबसाइट पर उपयोगकर्ताओं में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ’’

आईसीसी ने कहा, ‘‘सबसे ज्यादा बढ़ोतरी पूर्ण सदस्यीय देशों से बाहर की टीम के प्रशंसकों की है। नेपाल ने रविवार को अपने ग्रुप सी मुकाबले में इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी। वह इस बढ़ोतरी के मामले में सबसे आगे रहा और इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश से उपयोगकर्ताओं में 442 प्रतिशत की शानदार वृद्धि हुई है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘संयुक्त अरब अमीरात और अमेरिका में क्रमशः 196 प्रतिशत और 49 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई जो दर्शाता है कि यह टूर्नामेंट खेल को वैश्विक स्तर पर बढ़ाने में सक्षम है। ’’

आईसीसी ने बताया कि इस बढ़ोतरी में आईसीसी डॉट टीवी पर पहली बार गैर-अंग्रेज़ी कमेंट्री का योगदान अहम है जिसमें ‘इंग्लैंड बनाम नेपाल मैच के लिए नेपाली भाषा में फीड और भारत बनाम अमेरिका मैच के लिए हिंदी भाषा फीड सबसे ज्यादा स्ट्रीम किए गए मैच रहे।

आईसीसी के बयान के अनुसार पहले छह मैच में भारत और श्रीलंका में कुल 1,16,595 दर्शक स्टेडियम में पहुंचे।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments