scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमखेलस्वप्ना का आरोप, ट्रांसजेंडर भारतीय साथी के कारण नहीं जीत पाई पदक

स्वप्ना का आरोप, ट्रांसजेंडर भारतीय साथी के कारण नहीं जीत पाई पदक

Text Size:

हांगझोउ, दो अक्टूबर (भाषा) भारत की स्वप्ना बर्मन ने सोमवार को यह आरोप लगाकर विवाद खड़ा कर दिया कि एशियाई खेलों की महिला हेप्टाथलान प्रतियोगिता में एक ट्रांसजेंडर खिलाड़ी के कारण वह कांस्य पदक जीतने से वंचित रह गई।

जकार्ता एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली स्वप्ना ने आरोप लगाया कि हमवतन नंदिनी अगसारा महिलाओं की स्पर्धा में भाग लेने के योग्य नहीं थी क्योंकि वह ट्रांसजेंडर है। स्वप्ना ने बाद में यह पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दी थी।

नंदिनी ने रविवार को महिलाओं की हेप्टाथलान में कांस्य पदक जीता था जबकि स्वप्ना अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाई और चौथे नंबर पर रही थी।

स्वप्ना ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने चीन के हांगझोउ में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में एक ट्रांसजेंडर महिला के हाथों अपना कांस्य पदक गंवा दिया है। मैं अपना पदक वापस चाहती हूं क्योंकि यह एथलेटिक्स के नियमों के खिलाफ है। कृपया मेरी मदद और समर्थन करें।’’

उन्होंने हालांकि कुछ घंटे बाद यह ट्वीट हटा दिया। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

विश्व एथलेटिक्स के इस साल 31 मार्च से लागू किए गए नियमों के अनुसार कोई भी एथलीट जिसमें पुरुषों के लक्षण पाए जाते हैं वह महिलाओं की विश्व रैंकिंग प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकता है।

भाषा पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments