भुवनेश्वर, 23 फरवरी (भाषा) ओडिशा क्रिकेट संघ (ओसीए) ने नौ फरवरी को बाराबती स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गये वनडे मैच के दौरान फ्लड लाइट (दूधिया रोशनी) की खराबी पर ओडिशा सरकार द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब देते हुए कहा कि संघ ऐसी घटना को रोकने के लिए कदम उठाएगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा वनडे करीब 30 मिनट तक बाधित रहा क्योंकि स्टेडियम की एक टावर में फ्लड लाइट काम नहीं कर रही थीं।
इस मुद्दे पर शर्मिंदा राज्य सरकार ने 10 फरवरी को ओसीए को कारण बताओ नोटिस जारी कर 10 दिनों के अंदर जवाब मांगा।
ओसीए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज लोचन मोहंती ने कटक में मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘हमने राज्य सरकार को अपना जवाब सौंप दिया है। हमने प्रत्येक फ्लड लाइट को बिजली की आपूर्ति करने के लिए दो जनरेटर सेट तैनात करने का निर्णय लिया है ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि महत्वपूर्ण मैचों के दौरान ऐसी घटना दोबारा न हो।’’
ओसीए प्रमुख ने कहा कि इस मामले में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोई जवाब नहीं मांगा है।
भाषा
आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
