scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमखेलशुभमन गिल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलने के लिए फिट

शुभमन गिल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलने के लिए फिट

Text Size:

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल मांसपेशियों में जकड़न से उबर गए हैं और बुधवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे।

पिछले मैच से बाहर रहे गिल के सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन ने इस बात की पुष्टि की कि वह खेलने के लिए पूरी तरह फिट हैं।

मैच से एक दिन पहले सुदर्शन ने कहा, ‘‘वह बिल्कुल ठीक हैं और खेलेंगे।’’

टाइटन्स की टीम अपने शीर्ष बल्लेबाजी क्रम पर अधिक निर्भर मानी जाती रही है। पिछले मैच में सुदर्शन से मिली अच्छी शुरुआत के बावजूद मध्य क्रम के खराब प्रदर्शन के कारण टीम को हार झेलनी पड़ी।

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि टीम को वाशिंगटन सुंदर और ग्लेन फिलिप्स की मौजूदगी वाले अपने मध्य क्रम पर पूरा भरोसा है।

सुदर्शन ने कहा, ‘‘अगर शीर्ष तीन बल्लेबाजों में से कोई एक लंबे समय तक क्रीज पर टिका रहता है तो यह टीम के लिए हमेशा एक बहुत अच्छी बात होती है। हमें अपने मध्य क्रम पर पूरा भरोसा है। यही वह टीम है जिसने पिछले साल खेला था और हम क्वालीफाई करने में सफल रहे थे। अभी तो सिर्फ दो ही मैच हुए हैं और मुझे तथा पूरी टीम को पूरा विश्वास है कि हमारा मध्य क्रम हमें मैच जिताएगा।’’

आईपीएल 2026 की तैयारियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कोई खास तैयारी तो नहीं की लेकिन जिस सबसे अहम बात पर मेरा ध्यान था वह यह थी कि अगर हमें कोई बहुत बड़ा लक्ष्य हासिल करना हो तो हम अपनी पारी की शुरुआत किस तरह करेंगे। इसलिए यह बस जागरूकता और मानसिकता से जुड़ा एक पहलू था और इस बात पर विचार करना था कि हम उस समय कौन-कौन से सही फैसले ले सकते हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले मैं इसी चीज पर काम कर रहा था।’’

सुदर्शन ने कहा, ‘‘और सबसे बड़ी बात यह है कि आपका दिमाग पूरी तरह से शांत और व्यवस्थित होना चाहिए। मैंने इस पर काफी समय दिया है। मैं योग करता हूं और खुद को मानसिक रूप से फिट रखने के लिए मैं ध्यान का काफी अभ्यास करता हूं।’’

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments