scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमखेलशीतल देवी को विश्व तीरंदाजी ने ‘वर्ष की सर्वश्रेष्ठ पैरा तीरंदाज’ चुना

शीतल देवी को विश्व तीरंदाजी ने ‘वर्ष की सर्वश्रेष्ठ पैरा तीरंदाज’ चुना

Text Size:

लुसाने, 30 मार्च (भाषा) भारत की शीतल देवी को विश्व तीरंदाजी ने वर्ष 2025 की सर्वश्रेष्ठ पैरा तीरंदाज चुना है जिनकी असाधारण उपलब्धियों में ऐतिहासिक विश्व चैम्पियनशिप खिताब शामिल है ।

जम्मू कश्मीर की 19 वर्ष की शीतल देवी विश्व पैरा चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला भुजाहीन तीरंदाज बनी । उन्होंने पिछले साल दक्षिण कोरिया के ग्वांग्जू में महिला कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में खिताब जीता था ।

शीतल भुजायें नहीं होने के बावजूद अपने पैर और कंधे का इस्तेमाल करके तीरंदाजी करती हैं । वह विश्व चैम्पियनशिप में महिला टीम में रजत और मिश्रित टीम में कांस्य भी जीत चुकी है ।

विश्व तीरंदाजी ने कहा ,‘‘ भारत की शीतल देवी को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ पैरा तीरंदाज चुना गया है जिन्होंने पिछले साल बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विश्व खिताब समेत कई उपलब्धियां हासिल की ।’’

शीतल ने पेरिस पैरालम्पिक में मिश्रित टीम में कांस्य पदक जीता था। वह एशियाई पैरा खेल 2022 और 2023 एशियाई चैम्पियनशिप में व्यक्तिगत रजत जीत चुकी है ।

शीतल ने सोमवार को एक्स पर लिखा ,‘ दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पैरा तीरंदाजों के साथ नामांकन मिलना और अब विश्व तीरंदाजी द्वारा सर्वश्रेष्ठ पैरा तीरंदाज चुना जाना । इस सफर में जो भी मिला उसके लिये मेरा दिल कृतज्ञता और भावनाओं से भरा हुआ है । धन्यवाद ।’’

भाषा मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments