scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमखेलसहवाग के लिये आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं रोहित शर्मा

सहवाग के लिये आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं रोहित शर्मा

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के सर्वश्रेष्ठ कप्तान के तौर पर मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स के एम एस धोनी पर तरजीह दी क्योंकि पिछले 15 वर्षों में मुंबई की फ्रेंचाइजी ने पांच ट्राफियां जीती हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अभी तक चार आईपीएल ट्राफियां जीत पायी हैं जबकि मुंबई इंडियंस की टीम पांच ट्राफी जीतकर सबसे सफल टीम है।

सहवाग ने आईपीएल के 15 साल के जश्न के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘नंबर आपको सबकुछ बयां कर देते हैं। देखिये एम एस धोनी को भारतीय टीम की कप्तानी का अनुभव था और फिर वह चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान बने। रोहित शर्मा का कप्तानी का पहला अनुभव मुंबई इंडियंस के साथ था और वहीं से उनकी सफलता की यात्रा शुरू हुई। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिये वह (रोहित) श्रेय दिये जाने का ज्यादा हकदार है। ऐसा सौरव गांगुली की तरह ही है, वह भारतीय टीम के कप्तान बने और उन्होंने नयी और अलग चीजें आजमायीं। उनकी कप्तानी में भारत नंबर एक वनडे टीम बना। इसलिये मेरी पसंद रोहित शर्मा हैं। ’’

हालांकि पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने धोनी को आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ कप्तान करार दिया।

हरभजन ने कहा, ‘‘मैं अपना वोट धोनी को दूंगा क्योंकि पहले ही साल से वह एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेले। उन्होंने फ्रेंचाइजी को सफल बनाने में बड़ी भूमिका अदा की। जिस तरह से उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी उठायी, वह अद्भुत है। अन्य कप्तानों ने भी अच्छा किया है और टूर्नामेंट जीते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि कुल मिलाकर मेरा वोट धोनी को जाएगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप ट्राफियों को देखें तो रोहित शर्मा ने पांच ट्राफियां जीती हैं जबकि एम एस धोनी के नाम चार ट्राफी रही हैं। मैं दोनों टीमों के लिये खेला हूं। मेरा दिल अब भी मुंबई इंडियंस के लिये धड़कता है क्योंकि मैं इसके लिये 10 साल तक खेला लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स में बिताए गए दो वर्षों ने मुझे काफी कुछ सिखाया। ’’

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments