scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमखेलरीतिका बनी अंडर-23 विश्व चैंपियन, ज्योति भी फाइनल में पहुंची

रीतिका बनी अंडर-23 विश्व चैंपियन, ज्योति भी फाइनल में पहुंची

Text Size:

तिराना (अल्बानिया), 27 अक्टूबर (भाषा) रीतिका हुडा 76 किग्रा स्पर्धा में अपनी खिताबी जीत के साथ शुक्रवार को यहां अंडर-23 विश्व चैंपियन बनने वाली दूसरी भारतीय और देश की पहली महिला पहलवान बन गईं जबकि एक अन्य भारतीय ज्योति बेरवाल ने 72 किग्रा के फाइनल में जगह बनाकर अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने की तरफ कदम बढ़ाए।

रीतिका ने फाइनल में अमेरिका की केनेडी एलेक्सिस ब्लेड्स को 9-2 से हराया। उन्होंने पिछले साल अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप और इस साल अप्रैल में सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते थे।

पुरुष फ्रीस्टाइल पहलवान अमन सहरावत (57 किग्रा) पिछले साल अंडर-23 विश्व चैंपियन बनने वाले पहले भारतीय थे।

महिलाओं के 72 किग्रा में ज्योति ने क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की इतिना ज़बलोतस्का को 9-0 से और सेमीफाइनल में तुर्की की बुकरेनाज सर्ट को 7-0 से हराया। फाइनल में उनका मुकाबला अमेरिका की 19 वर्षीय अमित एलोर से होगा। उन्होंने भी ज्योति की तरह अभी तक चैंपियनशिप में एक भी अंक नहीं गंवाया है।

भारत की तीन पहलवान कांस्य पदक जीतने की दौड़ में हैं। रीना 57 किग्रा में कांस्य पदक के लिए कनाडा की मिया कैथरीन फ्राइसन से, भाग्यश्री हनुमंत फंद (62 किग्रा) कजाकिस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा से और मोनिका (65 किग्रा) अमेरिका की मैसी एलेन किल्टी से भिड़ेंगी।

भाषा पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments