scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमखेलरक्षा खडसे ने महिला दिवस के मौके पर 250 जिलों में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की घोषणा की

रक्षा खडसे ने महिला दिवस के मौके पर 250 जिलों में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की घोषणा की

Text Size:

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने सोमवार को घोषणा की कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आठ और नौ मार्च को देश भर के 250 जिलों की दो लाख से अधिक लड़कियां ‘अस्मिता’ एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी।

खडसे ने भारत की 2036 ओलंपिक की दावेदारी को मजबूत करने के लिए खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की वकालत की।

यह खेल मंत्रालय की पहल का एक हिस्सा है जो अहमदाबाद में 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों और भारत के ओलंपिक मेजबान बनने की कोशिश को ध्यान में रखते हुए देश भर में महिला तकनीकी अधिकारियों का एक पूल बनाने की भी शुरुआत करेगा।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को मनाया जाता है।

‘अस्मिता’ (महिलाओं को प्रेरित करके खेल में कामयाबी हासिल करना) खेलो इंडिया योजना के मिशन का एक हिस्सा है जिसका मकसद लीग के जरिए महिलाओं के बीच खेलों को बढ़ावा देना है। यह पहल 2021 में शुरू हुई थी।

देश भर में 250 जगहों पर अंडर-13, 13-18 और 18 से अधिक के वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की रेस होंगी।

हर जगह स्पर्धाओं को प्रबंधित करने के लिए पांच तकनीकी अधिकारी, 10 स्वयंसेवक, एक प्रतियोगिता मैनेजर, एक पूर्व चैंपियन एथलीट और जिला युवा अधिकारी तैनात किया जाएगा।

खडसे ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘यह 2030 राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा पहचानने की एक कोशिश है। हर जगह महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है और मुझे लगता है कि हमारे देश में यह उतना ज्यादा नहीं है जितना होना चाहिए। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘अस्मिता को प्रमोट करने के लिए बातचीत के दौरान मुझे अहसास हुआ कि लड़कियों को खेलों में पहला कदम उठाने के लिए जरूरी मदद पाने में मुश्किल होती है। अस्मिता इस कमी को पूरा करने की उम्मीद कर रहा है। ’’

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments