scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमखेलप्रियंका वाड्रा ने पहलवान साक्षी और बजरंग को न्याय की जंग में समर्थन देने का आश्वासन दिया

प्रियंका वाड्रा ने पहलवान साक्षी और बजरंग को न्याय की जंग में समर्थन देने का आश्वासन दिया

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 दिसंबर (भाषा) पहलवान साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की जिन्होंने न्याय के लिए उनकी लड़ाई में हर तरह से समर्थन करने का आश्वासन दिया।

प्रियंका ने कहा कि पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाली महिला पहलवानों ने भाजपा सांसद पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब भी आरोपी के साथ खड़ी है और देश की महिलायें इन अत्याचारों को देख रही हैं।

जब पहलवान प्रियंका गांधी से मिलने गए तो कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ थे।

दीपेंद्र हुड्डा ने इससे पहले साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया से अपने आवास पर मुलाकात की, जहां हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा भी मौजूद थे।

दीपेंद्र हुड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत की एकमात्र ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने खुद के साथ हुए अन्याय के कारण कुश्ती से संन्यास ले लिया और केंद्र ने अपने वादों को पूरा नहीं किया। जहां तक देश की महिलाओं के सम्मान और खेलों का संबंध है तो यह अच्छा संकेत नहीं है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने आज सुबह साक्षी मलिक और उनके पति सत्यव्रत कादियान से मुलाकात की। हमने उनसे देश के हित में कुश्ती छोड़ने के अपने फैसले पर फिर से विचार करने का आग्रह किया और उन्हें आश्वासन दिया कि जब तक न्याय नहीं मिलता हम पीछे नहीं हटेंगे। ’’

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments