नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (भाषा) ओलंपियन निशानेबाज मनु भाकर और अंजुम मौदगिल ने शनिवार को कहा कि पैरा खिलाड़ी दृढ़ संकल्प का प्रतीक हैं और वे सक्षम एथलीटों को ओलंपिक सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए अतिरिक्त प्रेरणा देते हैं।
राइफल निशानेबाज अंजुम, पिस्टल निशानेबाज मनु और रैपिड-फायर निशानेबाज अनीश भानवाला यहां खेलो इंडिया पैरा खेलों के विजेताओं को पदक देने के लिए कर्णी सिंह निशानेबाजी परिसर में मौजूद थे। इन तीनों निशानेबाजों ने माना कि दिव्यांग खिलाड़ियों के संघर्ष से कुछ सबक सीखने की जरूरत है।
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में 2024 पेरिस ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली मनु ने कहा कि पैरा निशानेबाज अपने सक्षम समकक्षों की तुलना में मानसिक रूप से अधिक मजबूत हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ पैरा एथलीट मानसिक रूप से हमसे अधिक मजबूत होते हैं क्योंकि उनके सामने अधिक समस्याएं होती हैं जिनसे उन्हें पार पाना होता है। देश के लिए पदक जीतना एक बड़ी उपलब्धि है। जब भी मैं उनसे बात करती हूं, मुझे प्रेरणा मिलती है।’’
विश्व चैम्पियनशिप (2018) में 10 मीटर एयर राइफल में रजत पदक जीतने वाली अंजुम ने कहा, ‘‘ मैं वास्तव में खुश हूं कि मुझे पैरा विजेताओं को पदक प्रदान करने का अवसर मिला। मैं उनसे सीखने की कोशिश करती हूं। वे इस बात के उदाहरण हैं कि जुनून, दृढ़ संकल्प और बहानेबाजी नहीं करना कैसा होता है। मैं उनका आदर करती हूं।’’
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
