भुवनेश्वर, आठ सितंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को राज्य के सात दृष्टिबाधित क्रिकेट खिलाड़ियों को हाल ही में इंग्लैंड के बर्मिंघम में इस साल ‘इंटरनेशनल ब्लाइंड स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईबीएसए)’ विश्व खेलों में उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
पटनायक ने स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम का हिस्सा रहीं ओडिशा की चार खिलाड़ियों पद्मिनी टुडू, बसंती हांसदा, झिली बिरुआ और फूला सोरेन को 20-20 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
भारतीय महिला टीम ने अगस्त में आईबीएसए विश्व खेलों में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराकर स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था।
भारतीय पुरुष दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम के मोहम्मद जाफर इकबाल, नकुल बदनायक और पंकज भुए को 15-15 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। भारतीय पुरुष टीम फाइनल में पाकिस्तान से हार गयी थी।
मुख्यमंत्री ने क्रिकेटरों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘खिलाड़ियों ने इस स्तर तक पहुंचने में सभी तरह की चुनौतियों के बावजूद अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों से हम सभी को गौरवान्वित किया है। उनकी उल्लेखनीय प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत सभी के लिए प्रेरणा है।’’
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
