नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) दिल्ली के बाएं हाथ के बल्लेबाज नितीश राणा पुड्डुचेरी में 24 जुलाई से होने वाले देवधर ट्रॉफी अंतर क्षेत्रीय एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्तर क्षेत्र की अगुआई करेंगे।
आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स की अगुआई करने वाले राणा इस टूर्नामेंट के जरिए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को प्रभावित करके राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश करेंगे।
राणा ने 2021 में श्रीलंका दौरे के दौरान भारत के लिए एक एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे।
राणा ने इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले सत्र में नाइट राइडर्स के लिए 14 मैच में तीन अर्धशतक से 140.95 के स्ट्राइक रेट से 413 रन बनाए।
प्रतिभावान बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और हर्षित राणा को भी 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है।
ये तीनों हालांकि 13 से 23 जुलाई तक श्रीलंका में होने वाले एमर्जिंग टीम एशिया कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा भी हैं।
भारत के टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाने की स्थिति में वे देर से उत्तर क्षेत्र की टीम से जुड़ेंगे।
उत्तर क्षेत्र चयन समिति के समन्वयक अनिरुद्ध चौधरी ने कहा, ‘‘अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो इनके टीम से जुड़ने में विलंब हो सकता है और ऐसी स्थिति में स्टैंडबाई खिलाड़ी पहले मैच में खेलेंगे।’’
उत्तर क्षेत्र टीम:
उत्तर क्षेत्र की टीम: नितीश राणा (कप्तान), अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, एसजी रोहिल्ला, एस खजूरिया, मनदीप सिंह, हिमांशु राणा, विवरांत शर्मा, निशांत सिंधू, ऋषि धवन, युद्धवीर सिंह, संदीप शर्मा, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, मयंक मारकंडेय।
स्टैंडबाई खिलाड़ी: मयंक डागर, मयंक यादव, अर्सलान खान, शुभम अरोड़ा, युवराज सिंह, मनन वोहरा, आकिब नबी, शिवांक वशिष्ठ।
भाषा
सुधीर पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
