कोलकाता, 24 नवंबर (भाषा) मुंबई ने ईडन गार्डन्स में मंगलवार को खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले में ओडिशा को 22 रन से हराकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।
सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली मुंबई की यह लगातार पांचवीं जीत है। इस जीत के साथ टीम ग्रुप डी में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। मुंबई के खाते में 22 अंक हैं और वह बेहतर नेट रन रेट के आधार पर विदर्भ से आगे है। दोनों टीमों ने अब तक अपने सभी पांच मुकाबले जीते हैं।
मुंबई की जीत में बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मुशीर खान ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 18 गेंदों पर 22 रन बनाने के अलावा 27 रन देकर दो विकेट भी झटके। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर मुंबई ने आठ विकेट पर 181 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक 46 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज हार्दिक तामोरे ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि नौवें नंबर पर उतरे सैराज पाटिल ने 26 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओडिशा की टीम नौ विकेट पर 159 रन ही बना सकी। स्वास्तिक सामल ने 20 गेंदों पर 38 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि सुभ्रांशु सेनापति ने 31 रन बनाए। मुंबई के गेंदबाजों ने ओडिशा को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया।
मुशीर खान के अलावा अथर्व अंकोलेकर ने 24 रन देकर दो और शार्दुल ठाकुर ने 21 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मुंबई ने इस तरह 22 रन से जीत दर्ज कर ग्रुप में अपनी बादशाहत कायम रखी।
विदर्भ ने ग्रुप के अन्य मैच में उत्तराखंड को 15 रन से हराया ।
आफ स्पिन हरफनमौला यश कदम ने गेंद और बल्ले दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया । विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर रविकुमार समर्थ और नचिकेत भूते की पारियों के दम पर आठ विकेट पर 208 रन बनाये ।
समर्थ ने 35 गेंद में 59 रन बनाये जबकि भूते ने 20 गेंद में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 45 रन का योगदान दिया । कदम ने 21 गेंद में 31 रन बनाये ।
जवाब में उत्तराखंड की टीम सात विकेट पर 193 रन ही बना सकी । आरव महाजन ने 32 गेंद में 69 रन बनाये जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे । उन्हें दूसरे छोर से हालांकि कोई सहयोग नहीं मिल सका ।
विदर्भ के लिये कदम ने दो और सौरभ दुबे ने तीन विकेट लिये ।
अमनदीप खरे के 62 गेंद में 116 रन की मदद से छत्तीसगढ ने गोवा को चार विकेट से हराया ।
छत्तीसगढ ने जीत के लिये 197 रन का लक्ष्य एक गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया । खरे ने अपनी पारी में नौ चौके और सात छक्के लगाये।
इससे पहले गोवा ने छह विकेट पर 196 रन बनाये जिसमें अभिनव तेजराणा (62) और ललित यादव (57) के अर्धशतक शामिल हैं ।
भाषा
आनन्द आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.