मुंबई, सात मार्च (भाषा) महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) ने मुंबई के उस स्कूल में टर्फ और फुटबॉल नेट के उपयोग की अनुमति देने पर सहमति दी है जहां क्रिकेटर रोहित शर्मा बतौर छात्र खेला करते थे।
ऐसा व्यावसायिक शोषण की शिकायतों के बाद सुविधा को ध्वस्त करने के कुछ दिनों बाद किया गया।
इस हफ्ते की शुरुआत में इस सुविधा का व्यावसायिक रूप से उपयोग किए जाने की शिकायत के बाद म्हाडा के अधिकारियों ने स्वामी विवेकानंद स्कूल में टर्फ और फुटबॉल नेट को तोड़ दिया जबकि पिछले 29 साल से इसका इस्तेमाल किया जा रहा था और युवा क्रिकेटरों को बनाने में इसने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी जिसमें रोहित शर्मा भी शामिल थे।
म्हाडा के मुंबई बोर्ड के उपाध्यक्ष और मुख्य अधिकारी आईएएस मिलिंद बोरिकर ने कहा, ‘‘संबंधित लोगों द्वारा यह आश्वासन दिए जाने के बाद कि सुविधा का कोई व्यावसायिक उपयोग नहीं होगा, हमने एक और वर्ष के लिए सुविधा का पट्टा नवीनीकृत कर दिया है। ’’
बोरिकर ने पीटीआई को बताया कि स्कूल ने सूचित किया है कि वह फिर से क्रिकेट नेट स्थापित करेगा।
द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता दिनेश लाड को रोहित को खोजने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि इस सुविधा का इस्तेमाल व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था।
भाषा
नमिता पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
