सेंचुरियन, 28 फरवरी (भाषा) सलामी बल्लेबाज एडेन मार्कराम के शतक की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरुआती दिन मंगलवार को यहां अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 314 रन बनाए।
मार्कराम ने 115 रन की पारी खेली जो उनका टेस्ट मैचों में छठा शतक है। दक्षिण अफ्रीका के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले के बाद मार्कराम ने अपने सलामी जोड़ीदार और पूर्व कप्तान डीन एल्गर (71) के साथ पहले विकेट के लिए 141 रन की साझेदारी की।
दक्षिण अफ्रीका के अन्य बल्लेबाज हालांकि इस अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए। कप्तान तेंबा बावुमा खाता भी नहीं खोल सके।
मार्कराम की पारी का अंत वेस्टइंडीज के सबसे सफल गेंदबाज अलजारी जोसेफ ने किया। उन्होंने मार्कराम को बोल्ड किया जिन्होंने अपनी पारी में 174 गेंदों का सामना करके 18 चौके लगाए। जोसेफ ने अभी तक 60 रन देकर तीन विकेट लिए हैं।
स्टंप उखड़ने के समय मार्को जानसन 17 और गेराल्ड कोएटजी 11 रन पर खेल रहे थे।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
