scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमखेलमार्क बाउचर मुंबई इंडियन्स के मुख्य कोच नियुक्त

मार्क बाउचर मुंबई इंडियन्स के मुख्य कोच नियुक्त

Text Size:

मुंबई, 16 सितंबर (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर को आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र के लिए मुंबई इंडियंस का कोच नियुक्त किया गया है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को यह घोषणा की।

यह 45 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर श्रीलंका के पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने का स्थान लेंगे जिन्हें फ्रेंचाइजी ने हाल में अपना वैश्विक प्रमुख नियुक्त किया था।

बाउचर दक्षिण अफ्रीका की पुरुष राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच हैं। उन्होंने इस सप्ताह के शुरू में घोषणा की थी कि वह आगामी टी-20 विश्वकप के बाद अपना पद छोड़ देंगे।

बाउचर ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा,‘‘ मुंबई इंडियंस का मुख्य कोच नियुक्त किया जाना सम्मान और सौभाग्य की बात है। मुंबई इंडियंस का इतिहास और उपलब्धियां उसे खेल जगत की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल करते हैं। मैं इस चुनौती के लिए तैयार हूं।’’

दुनिया के सबसे सफल विकेटकीपरों में से एक बाउचर के नाम पर टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक शिकार का रिकॉर्ड दर्ज है।

बाउचर संन्यास लेने के बाद दक्षिण अफ्रीका की शीर्ष स्तर की क्रिकेट फ्रेंचाइजी टाइटंस के कोच बने थे। उनके रहते हुए टाइटंस ने पांच घरेलू खिताब जीते। उन्हें 2019 में दक्षिण अफ्रीका का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था जहां उनके नाम पर टेस्ट मैचों में 11, वनडे में 12 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 23 जीत दर्ज हैं।

रिलायंस जिओ के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा,‘‘ मुंबई इंडियंस में मार्क बाउचर का स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। मैदान के अंदर और बाहर उन्होंने अपनी विशेषज्ञता साबित की है और उम्मीद है कि वह मुंबई इंडियंस की विरासत को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाएंगे।’’

भाषा पंत आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments