scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमखेलमांडविया ने साइ को 2026 के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के साथ डोपिंग से मजबूती से निपटने को कहा

मांडविया ने साइ को 2026 के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के साथ डोपिंग से मजबूती से निपटने को कहा

Text Size:

नयी दिल्ली, दो जनवरी (भाषा) भारत के खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त साल के मद्देनजर खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के शीर्ष अधिकारियों से ‘लक्ष्य निर्धारित’ कर देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को बेहतर बनाने के लिए नए विचार लाने और डोपिंग की समस्या से युद्धस्तर पर निपटने का सुझाव दिया है।

राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के साथ-साथ कई खेलों में विश्व और महाद्वीपीय चैंपियनशिप भी इस साल प्रमुख आकर्षण होंगी। 2026 में ही निशानेबाजी और हॉकी में ओलंपिक क्वालीफिकेशन प्रक्रिया की शुरुआत होगी।

मांडविया ने बृहस्पतिवार को साइ और मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करके वार्षिक योजना तैयार की।

उनका मुख्य उद्देश्य देश भर में हर खेल के लिए समर्पित ओलंपिक केंद्र स्थापित करने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू करने के साथ कम से कम पांच नए खेलों में राष्ट्रीय लीग शुरू करना सुनिश्चित करना था।

मंत्रालय के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘ उन्होंने वर्ष के लिए प्राथमिकताएं निर्धारित करने पर जोर दिया और अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित करने का सुझाव दिया। वह उप निदेशक स्तर के अधिकारियों के साथ हर 15 दिन में बैठक करने और खेल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उनसे सुझाव लेने की योजना बना रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, “इस वर्ष पांच नए खेलों में राष्ट्रीय लीग शुरू करना भी एक प्रमुख लक्ष्य है। संघों को प्रोत्साहित किया जाएगा और मंत्रालय इन लीगों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करेगा।”

भारत 2030 में अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और साथ ही 2036 ओलंपिक को भी इसी शहर में आयोजित करने की बोली लगा रहा है। वहीं दूसरी तरफ डोपिंग के मामले में भारत सबसे खराब रिकॉर्ड वाले देशों में शामिल है।

विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के वार्षिक परीक्षण आंकड़ों में लगातार तीन वर्षों से डोपिंग उल्लंघन करने वालों की संख्या के मामले में भारत शीर्ष पर रहा है।

ऐसे में इस बात पर कोई आश्चर्य नहीं है कि मांडविया ने इस समस्या से निपटने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सूत्र ने बताया, ‘‘ साइ और नाडा (राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी) को बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा गया है । इसके बाद भी डोपिंग का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।’’

यह भी पता चला है कि मांडविया खेल विज्ञान और प्रशिक्षकों जैसे घटकों के संदर्भ में मंत्रालय के समर्थन से अधिक निजी खेल अकादमियों को बढ़ावा देने के इच्छुक हैं।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments