scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमखेलकोहली अभी भी अपने खेल के शिखर पर है : आरसीबी मुख्य कोच फ्लावर

कोहली अभी भी अपने खेल के शिखर पर है : आरसीबी मुख्य कोच फ्लावर

Text Size:

(जी उन्नीकृष्णन)

बेंगलुरू, 27 मार्च (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने शुक्रवार को कहा कि आईपीएल के 18 साल में विराट कोहली का एक खिलाड़ी के तौर पर नयी ऊंचाइयों को छूने का जज्बा और भूख कम नहीं हुई है और वह अभी भी अपने खेल के शिखर पर है ।

कोहली ने पिछले साल आरसीबी के लिये सर्वाधिक 657 रन बनाये जिसकी मदद से टीम ने पहली बार खिताब जीता ।

फ्लावर ने मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ मैं उसे करीब से (कोहली को नेट्स पर बल्लेबाजी करते) देख रहा हूं । वह अपने खेल के शिखर पर है और सुपर फिट भी । वह जबर्दस्त फिट, छरहरा और जीत का भूख लग रहा है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ वह हमेशा से पक्का इरादा रखने वाला रहा है और मुझे लगता है कि वह जिस मानसिक और भावनात्मक स्थिति में वह है , उसमें एक इंसान के तौर पर खुद के साथ बहुत सहज है, लेकिन वह एक पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर खुद को आगे बढ़ाने के लिए भी बहुत भूखा है।’’

न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला के बाद कोहली का यह पहला टूर्नामेंट होगा ।

फ्लावर ने हालांकि कहा ,‘‘ हमने इस अंतराल के बारे में बात की है । मुझे शीर्ष खिलाड़ियों को खेलने के अलावा अभ्यास करते देखने में बहुत मजा आता है । जब मैं खेलता था तब मैं सचिन को अभ्यास करते देखता था । अब कोच के तौर पर भी मुझे धुरंधरों को अभ्यास करते देखना अच्छा लगता है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मैने कोहली को अभ्यास करते देखा है और मुझे लगता है कि वह अपने खेल के शिखर पर है । उसे पता है कि वह कम क्रिकेट खेल रहा है लेकिन वह अभी भी अपने खेल के शीर्ष पर है ।’’

भाषा मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments