scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमखेलकेआईटीजी 2026: कर्नाटक चैंपियन, मेजबान छत्तीसगढ़ नौवें स्थान पर रहा

केआईटीजी 2026: कर्नाटक चैंपियन, मेजबान छत्तीसगढ़ नौवें स्थान पर रहा

Text Size:

रायपुर, तीन अप्रैल (भाषा) कर्नाटक यहां पहले खेलो इंडिया ट्राइबल खेलों (केआईटीजी) में 23 स्वर्ण पदक के साथ ओवरऑल चैंपियन बना जबकि अंतिम दिन पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन कोमोलिका बारी का झारखंड के लिए रिकर्व महिला तीरंदाजी का स्वर्ण पदक जीतना शानदार प्रदर्शन रहा।

ओडिशा के अर्जुन खारा ने रिकर्व पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता लेकिन ये कोशिशें कर्नाटक को शीर्ष स्थान से ​​हटाने के लिए काफी नहीं थीं।

खेलों के पहले चरण में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया जिसमें नौ खेलों में करीब 3800 खिलाड़ियों ने शिरकत की।

तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती में 106 स्वर्ण पदक दांव पर थे जबकि पारंपरिक खेल जैसे मल्लखंब और कबड्डी जैसे प्रदर्शनी खेल थे।

कर्नाटक ने 23 स्वर्ण के अलावा आठ रजत और सात कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता जबकि ओडिशा 21 स्वर्ण, 15 रजत और 21 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

ओडिशा ही एकमात्र टीम थी जिसने पदक का अर्धशतक पार किया और 57 पदक के साथ शीर्ष पर रही। झारखंड 16 स्वर्ण, आठ रजत और 11 कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

मेजबान छत्तीसगढ़ ने भी तीन स्वर्ण, 10 रजत और छह कांस्य पदक के साथ शानदार प्रदर्शन किया और नौवें स्थान पर रहा।

ओवरऑल चैंपियन कर्नाटक ने पहले दिन से ही पदक सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया क्योंकि उसने तैराकी स्पर्धा में अपना दबदबा बनाया जिसमें 15 स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक जीते।

उन्होंने एथलेटिक्स में पांच स्वर्ण और कुश्ती में तीन स्वर्ण पदक जीते।

कर्नाटक के मणिकांत एल आठ स्वर्ण और एक रजत के साथ खेलों के सबसे सफल एथलीट रहे जबकि उनके साथी धोनीश एन ने तैराकी स्पर्धा में पांच स्वर्ण और एक रजत पदक जीता।

महिला खिलाड़ियों में ओडिशा की तैराक अंजलि मुंडा ने पांच स्वर्ण पदक जीते जबकि कर्नाटक की मेघांजलि ने चार स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए।

ओडिशा अकेला ऐसा दल था जिसने सभी छह खेलों में कम से कम एक स्वर्ण पदक जीता, जिसमें एथलेटिक्स में आठ और तैराकी में सात शामिल हैं।

कुल 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने पदक तालिका में जगह बनाई जिनमें से 20 ने कम से कम एक स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र छह स्वर्ण, 10 रजत और चार कांस्य पदक के साथ चौथे स्थान पर रहा जबकि अरुणाचल प्रदेश छह स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य पदक के साथ शीर्ष पांच में रहा।

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments