scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमखेलखेलो इंडिया पैरा खेल : भुजाहीन तीरंदाज शीतल देवी ने स्वर्ण पदक जीता

खेलो इंडिया पैरा खेल : भुजाहीन तीरंदाज शीतल देवी ने स्वर्ण पदक जीता

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (भाषा) पैर से तीर चलाने वाली पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए शनिवार को यहां शुरूआती खेलो इंडिया पैरा खेलो के कम्पाउंड वर्ग के ओपन वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

शीतल का 141 का स्कोर उत्तर प्रदेश की ज्योति बालियान की चुनौती को पस्त करने के लिये काफी था जिन्होंने 138 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता।

शीतल ने हाल में हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों में एक स्वर्ण सहित दो पदक जीते थे। उनके लिए मुकाबला इतना आसान नहीं रहा और ज्योति के खिलाफ उनके कौशल और मानसिक मजबूती ने उन्हें जीत दिलायी।

हरियाणा की सरिता ने 137 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

हरियाणा के पैरालंपियन हरविंदर सिंह और उत्तर प्रदेश के विवेक चिकारा भी रिकर्व तीरंदाजी में पदक जीतने वालों में शामिल रहे। हरविंदर ने स्वर्ण, चिकारा ने रजत और हरियाणा के साहिल ने कांस्य पदक जीता।

तोक्यो पैरालंपिक की रजत पदक विजेता गुजरात की भाविना पटेल ने महिलाओं की क्लास 4 टेबल टेनिस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में अपनी ही साथी ऊषा राठौड़ को 3-0 (11-7, 11-1, 11-8) से हराया।

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता सोनल पटेल ने महिलाओं की क्लास 1-3 स्पर्धा के फाइनल में बिहार की विद्या कुमारी को 3-0 (11-3 11-1 11-2) से हराकर गुजरात के लिए एक और टेबल टेनिस स्वर्ण पदक जीता।

हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों के रजत विजेता राजस्थान के रुद्रांश खंडेलवाल ने कर्णी सिंह निशानेबाजी परिसर में अच्छा प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में 223.4 के स्कोर से स्वर्ण पदक हासिल किया।

इसी स्पर्धा में विश्व रिकॉर्डधारी खंडेलवाल ने हरियाणा के सिंहराज (216.4) को पीछे छोड़ दिया। सिंहराज ने रजत पदक जीता। राजस्थान के शिव राज सांखला ने 194.7 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments