नार्थम्पटन, आठ सितंबर (भाषा) भारतीय बल्लेबाज करूण नायर ने इस सत्र में काउंटी चैम्पियनशिप के बचे हुए तीन मैचों में खेलने के लिए इंग्लिश काउंटी टीम नार्थम्पटनशर से करार किया।
भारत के लिए छह टेस्ट खेलने वाला यह 31 वर्षीय खिलाड़ी सैम वाइटमैन की जगह लेगा जो आस्ट्रेलिया लौट गये हैं।
नायर ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं नार्थम्पटनशर से जुड़ने और काउंटी चैम्पियनशिप में खेलने के लिए उत्साहित हूं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप काउंटी क्रिकेट के बारे में काफी कुछ सुनते हो और मैं जानता हूं कि पृथ्वी (साव) जब टीम के साथ थे, उन्होंने काफी लुत्फ उठाया था इसलिये काउंटी में खेलने का मौका मिलने से उत्साहित हूं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद करता हूं कि मैं टीम के लिये योगदान दे सकूं। ’’
जोधपुर में जन्मा यह क्रिकेट शुक्रवार को ब्रिटेन पहुंच गया और रविवार को वारविकशर के खिलाफ होने वाले मैच से पहले वह नार्थम्पटनशर से जुड़ जायेगा।
वह वीरेंद्र सहवाग के बाद टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए तिहरा शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय हैं। उन्होंने यह उपलब्धि दिसंबर 2016 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में नाबाद 303 रन बनाकर हासिल की थी।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
