scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमखेलझारखंड के आदित्य सिंह ने जड़ा अर्धशतक, पर उत्तराखंड के गेंदबाजों ने दबदबा बनाया

झारखंड के आदित्य सिंह ने जड़ा अर्धशतक, पर उत्तराखंड के गेंदबाजों ने दबदबा बनाया

Text Size:

जमशेदपुर, छह फरवरी (भाषा) झारखंड के मध्यक्रम बल्लेबाज आदित्य सिंह (83 रन) ने शुक्रवार को यहां उत्तराखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल के पहले दिन जुझारू अर्धशतक लगाकर शुरुआती झटकों से उबरने में मदद की जिससे टीम पहली पारी में 235 रन पर सिमट गई।

आदित्य सिंह ने 167 गेंद में 83 रन की संयमित पारी खेली। कप्तान विराट सिंह ने भी 122 गेंद में संघर्षपूर्ण 47 रन बनाए। इन दोनों की बदौलत झारखंड की टीम लगभग पूरे दिन बल्लेबाजी कर सकी क्योंकि एक समय टीम ने 80 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे।

उत्तराखंड के गेंदबाज जन्मेजय जोशी (46 रन देकर चार विकेट) और आदित्य रावत (39 रन देकर तीन विकेट) ने घरेलू बल्लेबाजों को खासा परेशान किया और उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

स्टंप तक उत्तराखंड ने एक ओवर खेलकर बिना कोई विकेट गंवाए चार रन बना लिए थे। अवनीश सुधा और भूपेन ललवानी क्रीज पर मौजूद थे।

चौबीस साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जन्मेजय अपना पहला घरेलू सत्र खेल रहे हैं। अल्मोड़ा के इस गेंदबाज ने सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन (04) और तीसरे नंबर के बल्लेबाज मनीषी (20) को पवेलियन भेजा।

महज तीन गेंदों के भीतर दो विकेट गिरने से झारखंड का स्कोर तीन विकेट पर 80 रन से पांच विकेट पर 80 रन हो गया। इस दौरान अनुभवी मध्यक्रम बल्लेबाज कुमार कुशाग्र (14) और विकेटकीपर रॉबिन मिंज (शून्य) जल्दी आउट हो गए।

इसके बाद कप्तान विराट और आदित्य ने छठे विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला और टीम को 170 रन तक पहुंचाया।

हालांकि आदित्य के आउट होते ही उत्तराखंड के गेंदबाजों ने फिर दबदबा बना लिया और निचले क्रम को जल्दी समेट दिया।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments