scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमखेलयानसेन के अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीका के आठ विकेट पर 169 रन

यानसेन के अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीका के आठ विकेट पर 169 रन

Text Size:

कोलकाता, चार मार्च (भाषा) मार्को यानसेन के 30 गेंद में नाबाद 55 रन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने शुरूआती झटकों से उबरते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में बुधवार को आठ विकेट पर 169 रन बनाये ।

बल्लेबाजों के लिये कठिन पिच पर न्यूजीलैंड के आफ स्पिनर कोल मैकोंची ( एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट ) और बायें हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र (चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट ) ने कहर बरपाती हुई गेंदबाजी करके दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया ।

इसके बाद यानसेन और ट्रिस्टन स्टब्स ( 24 गेंद में 29 रन ) ने पारी को संभाला । दोनों ने छठे विकेट के लिये 73 रन जोड़े । इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने 11वें ओवर में पांच विकेट 77 रन पर गंवा दिये थे ।

पारी के आगे बढने के साथ ही ओस की भूमिका अहम हो गई और स्ट्रोक्स खेलना आसान लगने लगा ।

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ हरफनमौलाओं में शामिल यानसेन ने अपनी पारी में पांच छक्के लगाये और अधिकांश छक्के दर्शक दीर्घा की 15वीं पंक्ति के पार गए जिससे उनके दमखम और टाइमिंग का पता चलता है ।

उन्होंने 19वें ओवर में लॉकी फर्ग्युसन को दो छक्के लगाये ।

पहले गेंदबाजी चुनने वाली न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सेंटनेर ने दूसरे ओवर में आफ स्पिनर मैकोंची को गेंद सौंपी जिन्होंने मैच में एक ही ओवर डाला लेकिन क्विंटोन डिकॉक (10) और रियान रिकेलटन (0) को लगातार दो गेंदों पर आउट किया ।

डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंद में 34 रन बनाये लेकिन वह अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके । उन्हें जेम्स नीशाम ने आउट किया ।

रविंद्र ने एडेन माक्ररम (18) और डेविड मिलर (छह) को पवेलियन भेजा । ब्रेविस के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 77 रन था ।

दक्षिण अफ्रीका टीम ने आखिरी दो ओवर में विकेट गंवाये और 175 रन के पार नहीं पहुंच सकी ।

भाषा मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments