scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमखेलभारत की सविता श्री ने विश्व रैपिड शतरंज में कांस्य पदक जीता

भारत की सविता श्री ने विश्व रैपिड शतरंज में कांस्य पदक जीता

Text Size:

अलमाटी (कजाखस्तान), 28 दिसंबर (भाषा) भारत की 15 वर्षीय महिला इंटरनेशनल मास्टर बी सविता श्री ने बुधवार को यहां फिडे विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप में महिलाओं के वर्ग में कांस्य पदक जीता।

सविता को 36वीं वरीयता हासिल थी। उन्होंने 11 दौर की बाजियों में आठ अंक हासिल करके तीसरा स्थान प्राप्त किया। पहले आठ दौर के बाद उनके 6.5 अंक थे। नौवें दौर में कजाकिस्तान की झांसाया अब्दुमालिक से हारने से सविता शीर्ष दो में जगह नहीं बना पाई।

उन्होंने 10वें दौर में सिंगापुर की कियान्युन गोंग को हराकर वापसी की और अंतिम दौर में कजाखस्तान की दिनारा सदुआकासोवा के साथ बाजी ड्रॉ खेली।

भारत की शीर्ष खिलाड़ी और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कोनेरू हंपी ने भी आठ अंक बनाए लेकिन वह छठे स्थान पर रही। सविता और हंपी के अलावा दो अन्य खिलाड़ियों ने समान आठ-आठ अंक हासिल किए। सविता को हालांकि बेहतर टाईब्रेक स्कोर के कारण तीसरा स्थान मिला।

चीन की तेन झोंग्यी ने प्लेऑफ में सदुआकासोवा को हराकर खिताब जीता।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments