scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमखेलवर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में भाग लेगी भारतीय युवा टीम

वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में भाग लेगी भारतीय युवा टीम

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) भारतीय युवा मुक्केबाजी टीम आठ से 15 मार्च तक थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में होने वाले वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप में भाग लेगी। भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए गुरुवार को बैंकॉक रवाना हो गई।

भारतीय टीम युवा ओलंपिक भार वर्गों में अपनी चुनौती पेश करेगी जिससे यह टूर्नामेंट युवा ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने और उसकी तैयारी के लिए महत्वपूर्ण बन गया है।

भारत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कुल मिलाकर 10 सदस्यीय टीम उतारी है। महिला टीम में गुंजन (48 किग्रा), चंद्रिका भोरेशी पुजारी (51 किग्रा), जॉयश्री देवी चिरोम (54 किग्रा), राधामणि लोंगजाम (57 किग्रा) और प्राची (60 किग्रा) शामिल हैं।

पुरुष वर्ग में अम्बेकर मीतेई लैरेनलाकपम (50 किग्रा), उधम सिंह राघव (55 किग्रा), साहिल दुहान (60 किग्रा), अमन सिवाच (65 किग्रा) और प्रियांश सहरावत (70 किग्रा) अपनी चुनौती पेश करेंगे।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने विज्ञप्ति में कहा,‘‘वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप हमारे युवा मुक्केबाजों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और दुनिया भर के शीर्ष खिलाड़ियों के सामने खुद को परखने का महत्वपूर्ण मंच है। हमें पूरा विश्वास है कि हमारी टीम अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेगी।’’

भारतीय युवा मुक्केबाजों ने पिछले साल बहरीन में तीसरे एशियाई युवा खेलों में चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित सात पदक जीते थे, जो महाद्वीपीय स्तर पर उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments