scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमखेलभारतीय अंडर-18 आइस हॉकी टीम बिश्केक में आयोजित होने वाले एशिया कप में लेगी हिस्सा

भारतीय अंडर-18 आइस हॉकी टीम बिश्केक में आयोजित होने वाले एशिया कप में लेगी हिस्सा

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) गुरतेज सिंह भट्टी की कप्तानी में भारतीय अंडर-18 आइस हॉकी टीम किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 27 अप्रैल से तीन मई तक होने वाले अंडर-18 एशिया कप में हिस्सा लेगी।

इसकी घोषणा शुक्रवार को राष्ट्रीय महासंघ की ओर से की गई।

इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा मेजबान किर्गिस्तान, मंगोलिया, उज्बेकिस्तान, इंडोनेशिया और मकाऊ (चीन) की टीमें भी प्रतिस्पर्धा करेंगी। भारतीय टीम में देवांश शर्मा और इफ्तिखार हुसैन को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भारतीय महिला टीम ने 2025 में यूएई के अल ऐन में आयोजित आईआईएचएफ महिला एशिया कप में कांस्य पदक जीतकर इस खेल में देश का पहला अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल किया था। वहीं पुरुष टीम ने 2017 में आईआईएचएफ चैलेंज कप ऑफ एशिया डिवीजन एक में रजत पदक जीता था और हाल ही में 2025 एशियाई शीतकालीन खेलों में चीन के हार्बिन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

भारतीय आइस हॉकी महासंघ के महासचिव हरजिंदर सिंह ने कहा, “पिछला वर्ष भारतीय आइस हॉकी के लिए महत्वपूर्ण रहा, जिसने खेल को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि अब अंडर-18 टीम के पास खुद को साबित करने का अवसर है, जो बेहद उत्साहजनक है।”

हरजिंदर ने कहा, “इस टीम में अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ियों का शामिल होना दर्शाता है कि देश में खेल तेजी से बढ़ रहा है और यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के भविष्य को आकार देने में अहम भूमिका निभाएगा।”

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments