पथुम थानी (थाईलैंड), एक अप्रैल (भाषा) भारत की अंडर20 महिला फुटबॉल टीम फीफा महिला विश्व कप में जगह बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को यहां छह बार की चैंपियन जापान के खिलाफ एएफसी अंडर20 महिला एशियाई कप के अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
भारत की सीनियर महिला टीम पिछले महीने ही एशियाई कप के पहले दौर में ही बाहर हो गई थी। भारतीय टीम अपने ग्रुप में सबसे निचले स्थान पर रही थी और इस तरह से उसकी विश्व कप में जगह बनाने की उम्मीद खत्म हो गई।
ऐसे में अब सब की निगाहें जूनियर टीम के प्रदर्शन कर रहेगी जो कुशल रणनीतिकार जोआकिम एलेक्जेंडर्सन की अगुवाई में आत्मविश्वास के साथ यहां पहुंची है।
भारतीय टीम 20 साल के बाद इस मुकाम पर पहुंची है। उसने पिछले साल क्वालीफायर में अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहकर इस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था। इससे पहले भारतीय टीम ने 2006 में इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था लेकिन वह ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई थी।
भारत के लिए यह एक चुनौतीपूर्ण लेकिन महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत है, जिसमें इस साल पोलैंड में होने वाले फीफा अंडर20 महिला विश्व कप के स्थान दांव पर लगे हैं।
भारतीय टीम के लिए ग्रुप सी से आगे बढ़ना आसान नहीं होगा क्योंकि उसका सामना जापान, ऑस्ट्रेलिया (पांच अप्रैल) और चीनी ताइपे (आठ अप्रैल) जैसी मजबूत टीमों से होगा।
इस प्रतियोगिता में भाग ले रही 12 टीमों को तीन ग्रुप में बांटा गया है जिसमें प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीम और तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमों को क्वार्टर फाइनल में जगह मिलेगी।
भारत को पहले मैच में ही जापान की मजबूत टीम का सामना करना होगा जो अंडर20 एशियाई कप में रिकॉर्ड छह बार का चैंपियन है।
यह मैच थम्मासैट स्टेडियम में शाम 6.30 बजे (भारतीय समयानुसार) से खेला जाएगा और इसका सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा।
भाषा
पंत मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
