नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) भारत ने सोमवार को महिला प्रो लीग हॉकी के यूरोपीय चरण के लिए 24 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें मिडफील्डर सलीमा टेटे को कप्तान बनाया गया है।
भारत 14 से 29 जून तक लंदन, एंटवर्प और बर्लिन में ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, बेल्जियम और चीन के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगा। टीम 14 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर उप कप्तान होंगी।
टीम में गोलकीपर सविता और बीचू देवी खारीबाम शामिल हैं।
अनुभवी सुशीला चानू पुखरामबम, ज्योति, सुमन देवी थौदम, ज्योति सिंह, इशिका चौधरी और ज्योति छत्री डिफेंडर होंगी।
मिडफील्ड की जिम्मेदारी वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सुजाता कुजूर, मनीषा चौहान, नेहा, सलीमा, लालरेमसियामी, शर्मिला देवी, सुनीता टोप्पो और महिमा टेटे के कंधों पर होगी।
दीपिका, नवनीत, दीपिका सोरेंग, बलजीत कौर, रुतुजा दादासो पिसल, ब्यूटी डुंगडुंग और साक्षी राणा फॉरवर्ड होंगी।
स्टैंडबाय सूची में गोलकीपर बंसरी सोलंकी और डिफेंडर अजमीना कुजूर शामिल हैं।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने टीम के चयन पर बोलते हुए कहा, ‘‘हमने एक संतुलित टीम बनाई है जिसमें अनुभव और युवा प्रतिभा का मिश्रण है। यूरोपीय चरण प्रो लीग का एक अहम चरण है और हम दुनिया की कुछ सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ चुनौतीपूर्ण मुकाबलों की उम्मीद कर रहे हैं। ’’
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.