हांगझोउ, एक अक्टूबर ( भाषा ) भारतीय महिला हॉकी टीम को एशियाई खेलों में पूल ए के मैच में दक्षिण कोरिया ने 1 . 1 से ड्रॉ पर रोका हालांकि बेहतर गोल औसत के आधार पर भारतीय टीम अभी भी शीर्ष पर है ।
दक्षिण कोरिया के लिये 12वें मिनट में चो हायेजिन ने गोल कर दिया जबकि भारत के लिये तीसरे क्वार्टर में नवनीत कौर ने 44वें मिनट में बराबरी का गोल दागा ।
विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम 12वीं रैंकिंग वाली कोरियाई टीम से गोल औसत बेहतर होने के कारण पूल ए में शीर्ष पर है ।
शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी । भारत ने पहले मैच में सिंगापुर को 13 . 0 से और दूसरे मैच में मलेशिया को 6 . 0 से हराया था ।
दोनों टीमों ने आक्रामक शुरूआत की लेकिन कोरिया ने पेनल्टी स्ट्रोक पर पहला गोल दागा । पहले क्वार्टर में भारतीयों को कई मौके मिले लेकिन गोल में नहीं बदल सके ।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर बनाये लेकिन गोल नहीं हो सका । हाफटाइम तक कोरिया की बढत बरकरार रही ।
तीसरे क्वार्टर में भी यही हाल था लेकिन नवनीत ने 44वें मिनट में बराबरी का गोल करके भारतीय खेमे को राहत दी ।
दोनों टीमों ने आखिरी क्वार्टर में गोल करने की काफी कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली ।
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
